बोकारो : ‘स्वास्थ्य एवं पर्यावरण संरक्षण संस्थान’ का स्थापना दिवस हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी शुभ धनतेरस तिथि दिनांक 10.11.2023 को वृक्ष दीपावली के रूप में संस्थान द्वारा बोकारो के पर्यावरण-मित्र चौक स्थित पर्यावरण-मित्र वाटिका में आयोजित किया गया । इस अवसर पर अपराह्न 3.30 बजे पर्यावरण-मित्र वाटिका में स्थित मनोकामनासिद्धि देववृक्ष कल्पतरु स्थल पर भगवान धन्वंतरि की विधिवत पूजा अर्चना कर बोकारो सहित सम्पूर्ण देश वासियों के लिए मंगलकामनाएं करते हुए सबों के उत्तम स्वास्थ्य के लिए भगवान से आशीर्वाद मांगा गया और मनोकामनासिद्धि प्रार्थना की गई । तत्पश्चात संस्थान के संस्थापक ब्रम्हलीन पर्यावरण-मित्र पं. गौरी शंकर ओझा जी की पर्यावरण-मित्र चौक पर स्थित तस्वीर के ऊपर माल्यार्पण कर वहां दीप प्रज्वलित किया गया फिर इस वाटिका स्थित सैकड़ों वृक्षों के नीचे दीपक जलाकर उनके प्रति आभार व्यक्त करते हुए भव्य वृक्ष दीपावली मनाई गई । इस अवसर पर संस्थान के महासचिव शशि भूषण ओझा ‘मुकुल’ ने कहा कि संस्थान की स्थापना वर्ष 1987 ई. में शुभ धनतेरस तिथि को हुई थी तबसे हर वर्ष आज स्थापना दिवस का भव्य आयोजन वृक्षों के नीचे सैकड़ों दीप जलाकर वृक्ष-दीपावली के रूप में किया जाता है साथही स्वास्थ्य के देवता भगवान धन्वंतरि की भी पूजा की जाती है और
देश वासियों के उत्तम स्वास्थ्य की प्रार्थना करते हैं । कार्यक्रम में आगे सरकार एवं आमजन से अपील की गई कि स्वास्थ्य के दुश्मन तेजी से फैल रहे प्रदूषण को रोकने हेतु कारगर उपाय करे अन्यथा इससे उत्पन्न अनेक घातक बिमारियों एवं समस्याओं के कारण लोगों का जीवन संकट में फंसता जारहा है इसके साथही पटाखों पर भी प्रतिबंध लगना अत्यंत जरूरी है क्योंकि बारूदी धुंआ और दुर्गंध से पैदा हुआ प्रदूषण स्वास्थ्य के लिए अत्यंत हानिकारक है । देशवासियों से पटाखों रहित प्रदूषणमुक्त दीपावली मनाने और मिट्टी के दीप जलाने का निवेदन किया गया ।