रांची : आदिवासी सेंगल अभियान की ओर से आज रांची के मोराबादी मैदान में सरना धर्म कोड जनसभा का आयोजन किया गया। जनसभा में रांची के अलावा छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, असम, ओडिसा समेत अन्य राज्य अलावा पड़ोसी देश नेपाल से भी लोग शामिल हुए।
आदिवासी एकल अभियान के प्रमुख सालखन मुर्मू ने कहा कि लोगों का यह महा जुटान आदिवासी धर्मकोड लागू करने के लिए हुआ है। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के आदिवासियों के लिए सरना धर्म कोड लागू करने की घोषणा करें।
उन्होंने कहा कि यदि ऐसा नहीं होता है तो यह माना जाए की आदिवासी महिला द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति बनाना और बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मानना और उलिहातु आना,महज वोट की राजनीति है।
सालखन मुर्मू ने कहा की उनका मकसद महज भीड़ इकट्ठा करना नहीं बल्कि आदिवासियों को नए सिरे से जोड़ने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि जब तक आदिवासी सरना धर्म कोड लागू नहीं हो तब तक बिरसा मुंडा और सिद्धू कान्हो का सपना पूरा नहीं होगा।
