नई दिल्ली : लोकसभा चुनाव प्रचार की व्यस्तताओं के बीच रक्षामंत्री राजनाथ सिंह सोमवार को सियाचिन पहुंचे। दुनिया की सबसे ऊंची ”बैटल फील्ड” में तैनात सशस्त्र बलों के जवानों से बातचीत करके उनकी चुनौतियों को समझने का प्रयास किया। उन्होंने माइनस डिग्री के तापमान में भी देश की सरहद पर तैनात रहने के लिए सैनिकों का हौसला बढ़ाया।
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह को इस बार होली का पर्व सैनिकों के साथ मनाने के लिए सियाचिन जाना था, लेकिन अचानक मौसम खराब होने की वजह से अंतिम समय में कार्यक्रम बदलना पड़ा। इसके बाद राजनाथ सिंह ने लेह के मिलिट्री स्टेशन में जाकर सशस्त्र बलों के साथ होली का त्योहार मनाया था। उन्होंने उसी समय सियाचिन में तैनात कमांडिंग ऑफिसर से जल्द सियाचिन आकर पाकिस्तान के मोर्चे पर तैनात जवानों से मुलाकात करने का वादा किया था।
इसके बाद वे पहले चरण के लोकसभा चुनाव में बतौर स्टार प्रचारक चुनावी सभाओं और रैलियों में व्यस्त हो गए। इस बीच भारतीय वायु सेना ने 13 अप्रैल को पाकिस्तान के खिलाफ चलाए गए ”ऑपरेशन मेघदूत” की 40वीं वर्षगांठ मनाई लेकिन रक्षामंत्री चुनावी व्यस्तताओं के कारण इस कार्यक्रम में भी नहीं शामिल हो सके। इस बीच आज सुबह रक्षा मंत्री सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे के साथ लेह, लद्दाख में थोइस हवाई अड्डे पर पहुंचे। इसके बाद रक्षामंत्री सिंह ने सियाचिन बेस कैंप में युद्ध स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित करके शहीद बहादुरों को श्रद्धांजलि दी।
