वाराणसी : वासंतिक चैत्र नवरात्र के चौथे दिन शुक्रवार को पूरे उत्साह और आस्था के साथ लोग आदिशक्ति के आराधना में लीन रहे। चौथे दिन परम्परागत तरीके से श्रद्धालुओं ने आदिशक्ति के नवदुर्गा स्वरूप दुर्गाकुंड स्थित कुष्मांडा दरबार और ज्ञानवापी परिक्षेत्र स्थित जगदम्बा के गौरी स्वरूप स्वयंभू विग्रह श्रृंगार गौरी का दर्शन पूजन किया। दोनों मदिरों में दर्शन पूजन के लिए लोग भोर से ही पहुंचने लगे। यह क्रम देर शाम तक चलता रहेगा। दोनों मंदिरों में भक्त सच्चे दरबार की जय, मां शेरा वाली के जयकारे भी लगाते रहे।
चौथे दिन वर्ष भर में एक दिन के लिए खुलने वाले श्रृंगार गौरी के दरबार में दर्शन पूजन के लिए आम श्रद्धालुओं के साथ शिवसेना के कार्यकर्ता भी पहुंचे। चौक चित्रा सिनेमा के समीप जुटे शिवसैनिक माता रानी के दरबार में जयकारा लगाते हुए पहुंचे। कड़ी सुरक्षा के बीच बिना किसी नोक-झोंक के शांति पूर्वक शिवसैनिकों ने दर्शन पूजन किया। महिला श्रद्धालुओं ने सुख-समृद्धि व सौभाग्य की प्रदात्री श्रृंगार गौरी का दर्शन पूजन किया।
