नैनीताल : उत्तराखंड के नैनीताल जनपद के बेतालघाट में बीती रात्रि बड़ा सड़क हादसा हो गया। यहां एक मैक्स वाहन के गहरी खाई में गिरने से उसमें सवार 10 लोगों में से चालक सहित 8 लोगों की मृत्यु हो गयी। जबकि 01 महिला सहित 2 व्यक्ति घायल हो गये। मृतकों में एक स्थानीय चालक को छोड़कर शेष सभी नेपाल के निवासी हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सड़क दुर्घटना पर गहरा दुख जताया है।
गाड़ी के स्टार्ट होते ही हो गयी दुर्घटना
बेतालघाट विकासखंड में खैरना से बेतालघाट मार्ग पर करीब 24 किलोमीटर दूर मल्ला गांव ऊंचाकोट में चल रहे जल संस्थान के जल-जीवन मिशन के एक कार्य में लगे नेपाली मजदूर कार्य पूरा करने के बाद सोमवार रात्रि करीब 10 बजे एक मैक्स वाहन से लौट रहे थे। जैसे ही यह लोग मैक्स वाहन में बैठे और मैक्स वाहन मजदूरों के आवास से स्टार्ट होते ही उनके आवास के आगे ही बेहद तीक्ष्ण ढलान वाले सीसी मार्ग पर अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में गिर गया। इससे उनमें चीख-पुकार मच गई
दुर्घटना की सूचना मिलने पर बेतालघाट पुलिस मौके पर पहुंची और रात्रि में स्थानीय लोगों व एसडीआरएफ की मदद से घायलों के लिये खोज एवं बचाव अभियान चलाया। सुबह करीब 4 बजे तक अंधेरे व विषम परिस्थितियों में अभियान चला। बेतालघाट के थाना प्रभारी अनीश अहमद ने बताया कि दुर्घटना में 50 वर्षीय विश्राम, 45 वर्षीय धीरज, 40 वर्षीय अंतराम चौधरी, 38 वर्षीय विनोद चौधरी, 55 वर्षीय उदय राम चौधरी, 45 वर्षीय तिलक चौधरी, 60 वर्षीय गोपाल बसनियत एवं मैक्स चला रहे स्थानीय चालक राजेंद्र कुमार पुत्र हरी राम निवासी ग्राम ओड़ा बासकोट थाना बेतालघाट नैनीताल की मृत्यु हो गयी।
