थिम्पू : भारतीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की दो दिवसीय राजकीय यात्रा का आज (शनिवार) आखिरी दिन है। भूटान में चारों ओर भारत की धूम है। लोग भारत-भूटान के मध्य मजबूत हो रहे रिश्तों से बेहद खुश हैं। प्रधानमंत्री मोदी आज थिम्पू में ग्यालत्सुएन जेत्सुन पेमा मातृ एवं शिशु अस्पताल का उद्घाटन करेंगे। थिम्पू में इस अत्याधुनिक अस्पताल का निर्माण भारत सरकार की सहायता से किया गया है।
कल (शुक्रवार) यहां पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी को भूटान के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ऑर्डर ऑफ द ड्रुक ग्यालपो’ से अलंकृत किया गया। यह सम्मान पाने वाले वो किसी विदेशी सरकार के पहले प्रमुख हैं। प्रधानमंत्री मोदी को यह सम्मान ”भारत-भूटान संबंधों के विकास में उनके उत्कृष्ट योगदान और भूटानी राष्ट्र व इसके लोगों के वास्ते उनकी विशिष्ट सेवा” के लिए प्रदान किया गया है। भूटान के राजा जिग्मे खेसर नांग्याल वांगचुक ने प्रधानमंत्री मोदी को ‘ऑर्डर ऑफ द ड्रुक ग्यालपो’ से सम्मानित किया। सम्मान की घोषणा भूटान के राजा ने 17 दिसंबर, 2021 को 114वें राष्ट्रीय दिवस समारोह में की थी।
