जयपुर : राजस्थान के जयपुर जिले के विश्वकर्मा थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह करीब 7:30 बजे चाय-नाश्ता बनाते समय गैस सिलेंडर से पाइप के अचानक निकलने से लगी आग में एक ही परिवार के पांच लोग जिंदा जल गए। मरने वालों में माता-पिता और तीन बच्चे हैं। पुलिस और दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने के बाद जले हुए शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचाया।
जयपुर पश्चिम के पुलिस उपायुक्त अमित कुमार ने पत्रकारों को बताया कि घटना विश्वकर्मा थाना क्षेत्र के जैसल्या गांव की है। जहां सुबह करीब साढ़े 07 बजे चाय-नाश्ता बनाते समय अचानक गैस सिलेंडर से पाइप निकल जाने से लगी आग में राजेश (26), उसकी पत्नी रूबी (24), ईशु (7), दिलखुश (2) और खुशमानी (4) की मौत हो गई। यह परिवार बिहार के मधुबनी का था और यहां किराए पर रहता था। राजेश एक फैक्टरी में काम करता था। परिवार करीब 4-5 महीने से यहां रह रहा था। कुछ दिन छुट्टी पर बिहार गए हुए थे। कल शाम को ही वापस आए थे। आज सुबह हादसा हो गया।
