गिरिडीह : श्री श्याम सेवा समिति के तत्वाधान में फागुणोत्सव के शुभ अवसर पर श्याम बाबा की भव्य निशान शोभायात्रा श्याम मंदिर से निकाली गई. यह शोभा यात्रा बड़ा चौक , कालीबाड़ी,मकतपुर, टावर चौक होते हुए पुनः श्याम मंदिर में जाकर समाप्त हुई।इस शोभा यात्रा में 1001 निशान को लेकर हज़ारो महिलाएं अपने हाथों में लिए श्याम बाबा की जयकारा लगाते हुए चल रही थी।
इस शोभायात्रा में गिरिडीह के निवर्तमान विधायक निर्भय कुमार शाहाबादी ने मकतपुर अवस्थित रानीलक्ष्मी बाई स्कूल के पास सभी श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा की एवम शोभायात्रा में शामिल भक्तों के लिए शुद्ध पेयजल का वितरण किये।इस पुष्पवर्षा कार्यक्रम में निर्भय कुमार शाहाबादी के साथ दीपक स्वर्णकार,हबलु गुप्ता,मोती लाल उपाध्याय, नरेंद्र सिंह पचम्बा,बैभव शाहाबादी,अशोक सिंह,दीपक शर्मा,प्रकाश दास,ओमप्रकाश गुप्ता,गोबिंद तुरी,सुरेश गुप्ता,सुबोध सिंह,सहित दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित थे।

श्याम बाबा की निशान शोभायात्रा के आगमन पर निर्भय कुमार शाहाबादी ने कहा कि फागुन का महीना चल रहा है, जो कि हमारे हिन्दू धर्म का अंतिम महीना कहलाता है, शीघ्र ही हमारा हिंदू मास का नया वर्ष आरंभ होगा।ऐसे में इस फागुन मास का बहुत ही महत्व है।रंगों का त्योहार होली भी इसी माह में मनाया जाता है,जिसमे लोग सारे गिले शिकवे भूल कर इस त्योहार को पूरे खुशियों के साथ मनाते हैं।प्रक्रिति की भव्य सुंदर छटा भी इस त्योहार में अपने रंगों में डूबी नज़र आती है, सभी पेड़ पौधों में नए पत्ते लगते हैं जिससे कि सभी ओर हरियाली नज़र आती है।ऐसे में श्याम बाबा के अनुयायी इस त्यौहार को फागुणोत्स्व के रूप में मनाते हैं, और अपने आराध्य श्री खाटू वाले श्याम की बड़े ही भव्य रूप से पूजा अर्चना करते हैं।उन्होंने कहा कि भक्ति भावना का यह रूप दर्शाता है कि हजारों साल पुराना सनातनी परंपरा न कभी मिटा है, और न कभी कोई मिटा सकेगा।इस शोभायात्रा में शामिल सभी श्रद्धालुओं एवम आयोजनकर्ता के साथ साथ समस्त पृथ्वीवासी पर भगवान खाटू वाले श्यामबाबा अपनी कृपादृष्टि बनाये रखे,यही कामना करता हूं।
