रांची : झारखंड विधानसभा में वित्तीय वर्ष 2024-25 का बजट मंगलवार को पेश करने के बाद वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव ने विधानसभा के सभागार में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि इस बजट में कई नयी घोषणाएं हैं। इनकी संख्या दो दर्जन से अधिक है। वित्तीय वर्ष 24-25 में ऋण माफी की सीमा 50 हजार रुपये से बढ़ाकर दो लाख रुपये किया जाएगा। एनपीए खाताधारक किसानों को भी इसका लाभ मिलेगा। वित्तीय वर्ष 24-25 से 27-28 की अवधि तक 20 लाख परिवारों को इसका लाभ दिया जाएगा। अगले वित्तीय वर्ष 2024-25 में इसके लिए 4831.83 करोड़ रुपये का बजट प्रस्तावित है।
वित्त मंत्री ने कहा कि पूर्वी सिंहभूम के पटमदा आदि क्षेत्रों में भूमिगत पाइपलाइन से जल उद्वह सिंचाई सुविधा उपलब्ध करायी जाएगी। पलामू जिलांतर्गत भूमिगत पाइपलाइन के माध्यम से विभिन्न जलाशयों, जल निकायों में जरूरत के अनुसार पेयजल एवं सिंचाई जल उपलब्ध कराने के निमित्त 456.63 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है। निर्वाचित जन प्रतिनिधियों यथा जिप अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, प्रमुख, उप प्रमुख, मुखिया, उप मुखिया सहित अन्य का मानदेय 12 वर्षों में पहली बार वृद्धि की गई है। मुख्यमंत्री सर्वजन पेंशन योजना के तहत 60 वर्ष की उम्र के लोगों को पेंशन दिया जा रहा है। वित्तीय वर्ष 24-25 में कुल 3107.40 करोड़ रुपये का बजटीय प्रावधान किया जा रहा है।
