Saturday, February 21, 2026
Homeक्राइमझोलाछाप ने फिर ली जच्चा-बच्चा की जान, क्लिनिक बंद कर हुआ फरार

झोलाछाप ने फिर ली जच्चा-बच्चा की जान, क्लिनिक बंद कर हुआ फरार

चतरा : लगातार प्रदेश के विभिन्न जिलों से आ रहे लापरवाही की तस्वीरें स्वास्थ्य महकमें के दावों को मुँह चिढ़ाती नजर आ रही है। ऐसा ही एक सनसनीखेज मामला प्रदेश के सुदूरवर्ती चतरा जिले में प्रकाश में आया है।

चतरा जिले के प्रतापपुर प्रखंड मुख्यालय में संचालित अन्नू नर्सिंग होम में संचालक झोलाछाप डॉक्टर रंजीत कुमार ने अपनी लापरवाही से जच्चे-बच्चे की जान ले ली। गर्भवती महिला का प्रसव के दौरान गलत तरीके से बच्चेदानी चीरने के कारण ऑपरेशन के दौरान ही नवजात बच्चे की नर्सिंग होम में ही मौत हो गई जबकि जच्चा का गया के निजी नर्सिंग होम मे जान चली गई। घटना के बाद झोलाछाप डॉ रंजीत क्लीनिक बंदकर फरार हो गया है। प्रतापपुर थाना क्षेत्र के गजवा पंचायत अंतर्गत हरबोलवा गांव निवासी पीड़ित परिवार के सदस्यों ने बताया कि बाबूलाल यादव की पत्नी लीला देवी को प्रसव पीड़ा के बाद चेकअप के लिये अन्न नर्सिंग होम में लाया गया था। जहां डॉक्टर रंजीत ने बिना कुछ सोंचे समझे महिला का ऑपरेशन कर दिया। ऑपरेशन के दौरान गर्भवती का बच्चेदानी कट जाने के कारण मौके पर ही नवजात की मौत हो गई। वहीं अत्यधिक रक्तश्राव होने के कारण जच्चा की स्थिति गंभीर हो गई। जिसके बाद मामला बिगड़ता देख डॉ रंजीत ने जच्चा लीला देवी को रेफर कर दिया। लेकिन गया के नर्सिंग होम में एडमिट करने के चंद मिनट के भीतर ही उसने भी दम तोड़ दिया।

जिसके बाद परिजन जच्चा को लेकर वापस अन्नू नर्सिंग होम पहुंचे। लेकिन उससे पहले ही घटना की सूचना पाकर संचालक डॉ रंजीत क्लिनिक बंद कर फरार हो चुका था। जिसके बाद पुलिस को मामले की जानकारी दी गई है।

ग्रामीणों के अनुसार अन्नू नर्सिंग होम का संचालन झोलाछाप डॉक्टर रंजीत के द्वारा फर्जी तरीके से किया जा रहा था। डॉ रंजीत के पास ना तो ऑपरेशन से संबंधित सर्टिफिकेट है और ना ही मेडिकल स्टैब्लिस्टमेंट ऐक्ट का ही उसका नर्सिंग होम अनुपालन करता है। इससे पूर्व भी इस नर्सिंग होम में लापरवाही पूर्वक ऑपरेशन के दौरान कई बार जच्चा-बच्चा की मौत हो चुकी है। उसके बावजूद ऐसे फर्जी नर्सिंग का खुलेआम संचालन स्वास्थ्य महकमें कई कार्यशैली और वरीय अधिकारियों के दावों पर बड़ा सवालिया निशान है..? इधर पुलिस मामले में प्राथमिकी दर्ज करते हुए घटना की जांच में जुट गई है।

पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी प्रतापपुर ने कहा है कि परिजनों ने फर्जी नर्सिंग होम में झोलाछाप की लापरवाही से जच्चा-बच्चा की मौत की लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज करते हुए आरोपी की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि नर्सिंग होम के निबंधन से संबंधित दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular