लोकसभा चुनाव 2024 नजदीक हैं, केंद्र के खिलाफ बना विपक्षी दलों का गठबंधन INDIA संकट से जूझ रहा है। अब पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने एक बड़ा ऐलान किया है। तृणमूल कांग्रेस प्रमुख और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को कहा कि उनकी पार्टी 2024 लोकसभा चुनाव अकेले लड़ेगी। सीट-बंटवारे पर बातचीत विफल होने के बाद यह बात सामने आई है।
बर्धमान जाते समय बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने सीट बंटवारे के उनके प्रस्ताव को ठुकरा दिया है। उनके मुताबिक, तृणमूल कांग्रेस ने सबसे पुरानी पार्टी को सीट बंटवारे का फॉर्मूला दिया, लेकिन कांग्रेस ने इसे ठुकरा दिया। ममता ने यह भी कहा कि कांग्रेस की ओर से कोई बातचीत नहीं हुई है, इसलिए उन्होंने गठबंधन तोड़ने का फैसला किया है। ममता बनर्जी ने कहा, मेरा प्रस्ताव नहीं माना गया इसलिए अकेले लड़ेंगी। ममता बनर्जी ने कहा, कांग्रेस ने अपनी भारत जोड़ो न्याय यात्रा का निमंत्रण नहीं दिया और ना ही बंगाल में यात्रा की जानकारी दी।
