शिमला : हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में नए साल का जश्न मनाने के लिए सैलानियों का सैलाब उमड़ रहा है। बीते 10 दिनों में शिमला के प्रवेश द्वार शोघी बैरियर से 1 लाख 60 हजार गाड़ियां शहर में दाखिल हुई हैं। इनमें 60 हजार गाड़ियां केवल पर्यटकों की ही हैं। पर्यटकों की भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए शिमला पुलिस ने ट्रैफिक और सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए हैं।
शिमला के एसपी संजीव गांधी ने बुधवार को बताया कि नए वर्ष का जश्न मनाने के लिए राजधानी में भारी संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं। पुलिस प्रशासन ने ट्रैफिक और सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए हैं। राजधानी को पांच सेक्टरों में बांटा गया है और 87 जगह पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।
इसके अलावा पार्किंग के लिए भी वैकल्पिक इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने शिमला आने वाले पर्यटकों से शांति व कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है ताकि स्थानीय लोगों को भी किसी तरह की समस्या न हों। उन्होंने कहा कि ट्रैफिक जाम से निपटने के लिए वन मिनट ट्रैफिक प्लान लागू रहेगा।
