कोलकाता : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अपने एकदिवसीय कोलकाता दौरे पर बंगाल भाजपा को कई बड़े टारगेट दिए हैं। उन्होंने राज्य की 42 में से 35 लोकसभा सीटों पर जीत के लक्ष्य के साथ काम करने को कहा है।
इसके साथ ही 2026 के विधानसभा चुनाव में राज्य में भाजपा सरकार बनाने के लिए अभी से तैयारियां शुरू करने को कहा है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि नागरिकता अधिनियम (सीएए) को हर हाल में लागू किया जाएगा।
नेशनल लाइब्रेरी में प्रदेश भाजपा के सोशल मीडिया और आईटी इकाई के सदस्यों की बंद कमरे में बैठक को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि सीएए को लागू करना पार्टी की प्रतिबद्धता है। सीएए को लागू होने से कोई नहीं रोक सकता, क्योंकि यह देश का कानून है। उन्होंने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर लोगों को इस मुद्दे पर गुमराह करने का आरोप लगाया।
