रांची : रांची में ठंड के मद्देनजर नगर निगम प्रशासक अमित कुमार ने शनिवार देर रात शहर का भ्रमण किया। इस क्रम में नगर निगम प्रशासक ने विभिन्न चौक-चौराहों और आश्रयगृहों में व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान प्रशासक की टीम ने सड़क किनारे रात गुजार रहे लोगों को निकटतम आश्रय गृह में शिफ्ट करवाया।
साथ ही आश्रय विहीनों को ठंड से बचने के लिए कंबल दिये। नगर निगम प्रशासक ने टीम को हर दिन रांची नगर निगम क्षेत्र के सड़कों पर गुजर बसर कर रहे लोगों को चिन्हित कर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाने का निर्देश दिया। अमित कुमार ने आश्रय गृहों का भी निरीक्षण किया। इस क्रम में उन्होंने आश्रय गृहों में समुचित व्यवस्था जैसे साफ-सफाई, बिजली, पानी आदि की जानकारी ली। साथ ही संबंधित अधिकारियों को इसके बेहतर संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिये।
