रांची : राज्य के मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों के प्रगतिशील तकनीकी कौशल का लोहा अब आईआईटी जैसे संस्थान भी मानने लगे हैं। इन स्कूलों के बच्चों को मिल रहे तकनीकी एवं व्यावसायिक प्रशिक्षण से प्रभावित होकर आईआईटी-आईएसएम, धनबाद जैसे दिग्गज शिक्षण संस्थान भी बच्चों के द्वारा विकसित तकनीकी रचनाओं में निवेश करने के लिए आगे आ रहे है।
स्कूल ऑफ एक्सीलेंस में शिक्षा प्राप्त कर रहे बच्चों को ना केवल उत्कृष्ट मानक की शिक्षा दी जा रही है, बल्कि उनके अंदर व्यवसायिक अथवा तकनीकी कौशल का भी विकास किया जा रहा है। जिला उत्कृष्ट विद्यालय, धनबाद के बच्चों ने भी ऐसी तकनीकी आविष्कार किये है, जिनकी आईआईटी, धनबाद के विशेषज्ञ भी सराहना कर रहे है।
इतना ही नहीं, इन बच्चों ने अपने तकनीकी रचनाओं को नेशनल ऑटोमोटिव ओलम्पियाड जैसे राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रमों में भी प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। इन बच्चों की प्रतिभा को देखते हुए आईआईटी, धनबाद के विनिर्माण केंद्र टेक्समिन के जरिए इन बच्चों की रचनाओं का उत्पादन बढ़ाने के साथ ही पेटेंट कराने तक की सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
