Friday, September 18, 2026
Homeखबर स्तम्भअभिलाष साहू की बहाली पर फिर लगी रोक, जांच रिपोर्ट आने तक...

अभिलाष साहू की बहाली पर फिर लगी रोक, जांच रिपोर्ट आने तक संगठनात्मक जिम्मेदारी नहीं

रांची/डेस्क: झारखंड कांग्रेस में अभिलाष साहू की बहाली को लेकर एक बार फिर नया विवाद सामने आया है। कांग्रेस के झारखंड प्रभारी एवं CWC के स्थायी आमंत्रित सदस्य के. राजू ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश को पत्र लिखकर अभिलाष साहू की संगठनात्मक जिम्मेदारी फिलहाल रोकने का निर्देश दिया है। 17 सितंबर 2026 को लिखे पत्र में के. राजू ने कहा है कि 14 सितंबर 2026 के पत्र के माध्यम से अभिलाष साहू की कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता और झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष पद पर बहाली संबंधी अधिसूचना जारी की गई थी। हालांकि, उनके खिलाफ की गई अनुशासनात्मक कार्रवाई से संबंधित जांच रिपोर्ट की समीक्षा अभी लंबित है।

जांच रिपोर्ट के बाद होगा अंतिम फैसला

पत्र में कहा गया है कि जांच के जरिए यह निर्धारित किया जाना है कि अभिलाष साहू द्वारा किए गए कथित कृत्य और उनके लिए निर्धारित दंड के बीच उचित अनुपात और न्यायसंगतता है या नहीं। के. राजू ने अनुशासन समिति को अभिलाष साहू के कथित वीडियो बनाने और उसे सार्वजनिक रूप से प्रसारित करने में उनकी व्यक्तिगत भूमिका, अनुशासन समिति के समक्ष उनके द्वारा दिए गए स्पष्टीकरण और सार्वजनिक मंच पर दिए गए वक्तव्यों की समीक्षा कर विस्तृत रिपोर्ट देने का निर्देश दिया है। साथ ही, पत्र में उनके सांस्कृतिक आचार और धर्मनिरपेक्ष मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता से जुड़े तथ्यों को भी रिपोर्ट में शामिल करने को कहा गया है।

रिपोर्ट आने तक उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी स्थगित

के. राजू ने कहा है कि अनुशासन समिति की विस्तृत रिपोर्ट प्राप्त होने और उसकी समीक्षा के बाद ही अभिलाष साहू की संगठनात्मक जिम्मेदारियों के संबंध में अंतिम निर्णय लिया जाना न्यायसंगत होगा। इसलिए रिपोर्ट आने तक अभिलाष साहू को झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष के रूप में संगठनात्मक दायित्व से रोककर रखना उचित होगा। अब इस पत्र के बाद 14 सितंबर को जारी अभिलाष साहू की बहाली संबंधी आदेश और उनकी संगठनात्मक जिम्मेदारी फिलहाल फिर से सवालों के घेरे में आ गई है। अंतिम फैसला अनुशासन समिति की रिपोर्ट आने के बाद लिया जाएगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular