नई दिल्ली: देश के बड़े और अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स तस्करों में शामिल बताए जा रहे वीरेंद्र सिंह बसोया के बेटे ऋषभ बसोया को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने गिरफ्तार कर लिया है। ऋषभ को अबू धाबी में हिरासत में लिए जाने के बाद मंगलवार सुबह दिल्ली के IGI एयरपोर्ट लाया गया, जहां स्पेशल सेल की टीम ने उसे गिरफ्तार किया। पुलिस उसे मंगलवार दोपहर पटियाला हाउस कोर्ट में पेश कर पूछताछ के लिए रिमांड पर लेने की तैयारी में है। ऋषभ की गिरफ्तारी को वीरेंद्र बसोया से पूछताछ के दौरान सामने आई जानकारी से जोड़कर देखा जा रहा है।
अबू धाबी में पकड़ा गया था ऋषभ
करीब एक महीने पहले वीरेंद्र बसोया को अबू धाबी में हिरासत में लिया गया था। बाद में उसे भारत लाए जाने पर नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) की मुंबई जोन टीम ने गिरफ्तार किया था। मुंबई NCB की कार्रवाई के बाद दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने भी अपने मामले में पूछताछ के लिए वीरेंद्र बसोया को दिल्ली लाया था। पूछताछ पूरी होने के बाद करीब चार दिन पहले उसे तिहाड़ जेल भेज दिया गया।
वीरेंद्र से पूछताछ के बाद बेटे तक पहुंची पुलिस
स्पेशल सेल ने वीरेंद्र बसोया से पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर अबू धाबी में मौजूद उसके बेटे ऋषभ के बारे में जानकारी जुटाई। इसके बाद सेल की सूचना पर अबू धाबी में ऋषभ को हिरासत में लिया गया और अब उसे दिल्ली लाकर गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अब वीरेंद्र बसोया को दोबारा पूछताछ के लिए रिमांड पर लेने की तैयारी में है। इसके बाद दोनों से आमने-सामने पूछताछ किए जाने की संभावना है।
भारत समेत कई देशों में नेटवर्क की जांच
स्पेशल सेल अब बाप-बेटे से पूछताछ कर कथित ड्रग्स सिंडिकेट के भारत और दूसरे देशों में फैले नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। पुलिस यह जानने की कोशिश करेगी कि इस नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं, ड्रग्स की सप्लाई कहां से होती थी और भारत समेत अन्य देशों में इसके लिए कौन लोग काम कर रहे थे। पूछताछ के आधार पर पुलिस सिंडिकेट से जुड़े अन्य संदिग्ध तस्करों तक पहुंचने की कोशिश करेगी।
कोकेन तस्करी का बड़ा नाम बताया जाता है वीरेंद्र बसोया
वीरेंद्र बसोया को पुलिस और जांच एजेंसियों की ओर से देश के बड़े कोकेन तस्करों में शामिल बताया जाता रहा है। उसकी गिरफ्तारी के बाद से ही उसके अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क को लेकर जांच एजेंसियां सक्रिय हैं। ऋषभ बसोया की गिरफ्तारी के बारे में उसकी गिरफ्तारी से पहले ही जानकारी सामने आने की बात भी कही जा रही है। अब पुलिस की पूछताछ में इस कथित ड्रग्स नेटवर्क से जुड़े कई अहम खुलासे होने की उम्मीद है।
