सदर अस्पताल में विशेष कैंप, 3-5 लाख का इलाज अब पूरी तरह मुफ्त
Highlights:
👉 जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित बच्चों के लिए मुफ्त इलाज
👉 10-11 अप्रैल तक रांची सदर अस्पताल में कैंप
👉 200 से अधिक बच्चों का अब तक हो चुका इलाज
👉 महंगे इलाज की लागत अब सरकार उठा रही
👉 समय पर इलाज से बच्चों का जीवन हो सकता है सामान्य

विस्तार:
जन्मजात हृदय रोग से जूझ रहे बच्चों के लिए स्वास्थ्य विभाग ने एक बड़ी पहल की है। अब ऐसे बच्चों का इलाज पूरी तरह मुफ्त किया जाएगा। इसके तहत 10 और 11 अप्रैल तक रांची के सदर अस्पताल में एक विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जा रहा है।
यह पहल स्वास्थ्य विभाग द्वारा माँ अमृता हॉस्पिटल के सहयोग से की जा रही है, जिसमें राज्यभर से बच्चे अपने परिजनों के साथ जांच और इलाज के लिए पहुंच रहे हैं।
महंगे इलाज से मिली राहत
एनएचएम डायरेक्टर शशि प्रकाश झा ने बताया कि यह इस तरह का दूसरा कैंप है और अब तक 200 से अधिक बच्चों का मुफ्त इलाज किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि इस बीमारी के इलाज में सामान्यतः 3 से 5 लाख रुपये तक खर्च आता है, लेकिन अब यह सुविधा पूरी तरह निशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है।
समय पर इलाज है जरूरी
माँ अमृता हॉस्पिटल के प्रोफेसर एवं हेड (पीडियाट्रिक्स) डॉ. कृष्ण कुमार ने बताया कि यदि इस बीमारी का इलाज एक वर्ष के भीतर कर दिया जाए, तो बच्चे का जीवन पूरी तरह सामान्य हो सकता है।
इस पहल को राज्य में बाल स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बड़ी राहत मिल रही है।
