MoU पर हस्ताक्षर, कर्मचारियों के बच्चों को टाउनशिप में ही मिलेगी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा
Highlights
👉 पीवीयूएनएल और डीएवी के बीच MoU साइन
👉 पतरातू टाउनशिप में नए विद्यालय की स्थापना
👉 नर्सरी से कक्षा 5 तक होगी पढ़ाई
👉 बच्चों को मिलेगी सुलभ और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा
👉 आवागमन की समस्या और जोखिम होंगे कम
विस्तार
रांची : पतरातु विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड (PVUNL) और डीएवी के बीच गुरुवार को एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। इस समझौते के तहत पतरातू टाउनशिप में नर्सरी से कक्षा 5 तक का एक आधुनिक और सुसज्जित विद्यालय स्थापित किया जाएगा।
समझौते पर पीवीयूएनएल की ओर से मानव संसाधन प्रमुख जियाउर रहमान और डीएवी ट्रस्ट की ओर से महासचिव अजय सूरी ने हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर पीवीयूएनएल के सीईओ ए. के. सहगल, प्रबंधन के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी संघ के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा कदम
सीईओ ए. के. सहगल ने कहा कि यह विद्यालय टाउनशिप में रहने वाले कर्मचारियों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण, सुलभ और संस्कारयुक्त शिक्षा प्रदान करेगा। इससे बच्चों को दूर-दराज के स्कूलों में जाने की आवश्यकता कम होगी और समय के साथ-साथ सुरक्षा से जुड़े जोखिम भी घटेंगे।
समग्र विकास पर जोर
डीएवी कपिलदेव, रांची के प्राचार्य सह सहायक क्षेत्रीय पदाधिकारी डॉ. एस. के. शर्मा ने इस पहल पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि यह विद्यालय शैक्षणिक उत्कृष्टता के साथ-साथ विद्यार्थियों के समग्र विकास—शिक्षा, संस्कार और अनुशासन—का केंद्र बनेगा।
उन्होंने बताया कि विद्यालय में योग्य और प्रशिक्षित शिक्षकों के साथ एक सक्षम हेडमिस्ट्रेस की नियुक्ति की जाएगी, जिससे उच्च गुणवत्ता की शिक्षा सुनिश्चित की जा सके।
क्षेत्र के लिए भी लाभकारी पहल
यह पहल न केवल पीवीयूएनएल कर्मचारियों के परिवारों के लिए फायदेमंद होगी, बल्कि रामगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में भी एक अहम कदम मानी जा रही है।
