स्पीकर रबिन्द्र नाथ महतो की अध्यक्षता में बैठक, दिवंगत सदस्यों को श्रद्धांजलि
Highlights:
👉 CPA झारखंड शाखा की वार्षिक आम बैठक आयोजित
👉 रबिन्द्र नाथ महतो ने की अध्यक्षता
👉 रामदास सोरेन और रामचंद्र नायक को श्रद्धांजलि
👉 वैश्विक लोकतंत्र और मानवाधिकार पर जोर
👉 केप टाउन में होगा CPA का 69वां सम्मेलन

विस्तार
झारखंड विधानसभा के सभागार में आज राष्ट्रमंडल संसदीय संघ (CPA) की झारखंड शाखा की वार्षिक आम बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष सह CPA झारखंड शाखा के सभापति रबिन्द्र नाथ महतो ने की।
बैठक की शुरुआत अध्यक्ष के प्रारंभिक वक्तव्य से हुई। इस दौरान CPA झारखंड शाखा के पूर्व सदस्यों रामदास सोरेन एवं रामचंद्र नायक के निधन पर एक मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।
अपने संबोधन में अध्यक्ष रबिन्द्र नाथ महतो ने कहा कि वर्ष 1911 में स्थापित राष्ट्रमंडल संसदीय संघ आज 56 देशों का एक विशाल लोकतांत्रिक संगठन बन चुका है, जो संयुक्त राष्ट्र के बाद दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मंच है। यह संगठन सुशासन, लोकतंत्र और मानवाधिकारों को बढ़ावा देने के साथ-साथ विधायिकाओं की क्षमता विकास में अहम भूमिका निभाता है।
उन्होंने कहा कि इस मंच पर केवल उपस्थिति दर्ज कराना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि इससे प्राप्त अनुभवों के जरिए देश की प्रगति में योगदान देने पर भी ध्यान देना चाहिए। साथ ही उन्होंने जानकारी दी कि CPA का 69वां सम्मेलन केप टाउन (दक्षिण अफ्रीका) में आयोजित किया जाएगा।
बैठक में संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने वैश्विक हालात पर चिंता जताते हुए कहा कि ईरान, इजराइल और अमेरिका के बीच चल रहे तनाव का असर पूरी दुनिया पर पड़ रहा है। इससे महंगाई और गैस जैसी आवश्यक वस्तुओं की किल्लत बढ़ी है। उन्होंने CPA जैसे मंच से विश्व शांति स्थापित करने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
वहीं, झारखंड विधानसभा के प्रभारी सचिव सह CPA सचिव रंजीत कुमार ने वार्षिक लेखा-जोखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि झारखंड शाखा में वर्तमान में 146 सदस्य हैं।
बैठक के दौरान आगामी विधानसभा सत्र के सुचारु संचालन, सदस्यों के बीच बेहतर समन्वय और विभिन्न विधायी विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
