अमित शाह की मौजूदगी में पटना में दाखिल किया पर्चा; अब अगले मुख्यमंत्री को लेकर चर्चाएं तेज
Highlights
- मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल किया
- पटना में नामांकन प्रक्रिया के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह रहे मौजूद
- एनडीए के कई वरिष्ठ नेता भी कार्यक्रम में शामिल
- बिहार के अगले मुख्यमंत्री को लेकर अटकलें तेज
- सम्राट चौधरी का नाम संभावित दावेदारों में शामिल
- विपक्ष ने भी राजनीतिक बदलाव पर दी प्रतिक्रिया
विस्तार
बिहार की राजनीति में गुरुवार को बड़ा घटनाक्रम देखने को मिला, जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्यसभा चुनाव के लिए अपना नामांकन दाखिल कर दिया। पटना में आयोजित नामांकन प्रक्रिया के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में एनडीए के उम्मीदवारों ने पर्चा भरा। इस मौके पर भाजपा नेता नितिन नवीन समेत गठबंधन के कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे। नीतीश कुमार के राज्यसभा चुनाव में उतरने के साथ ही राज्य की राजनीति में संभावित बदलाव को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
नीतीश कुमार के इस कदम के बाद सबसे बड़ी चर्चा बिहार के अगले मुख्यमंत्री को लेकर हो रही है। एनडीए के भीतर इस पद को लेकर कई नामों पर अटकलें लगाई जा रही हैं। राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को संभावित दावेदारों में प्रमुख माना जा रहा है, हालांकि इस संबंध में अंतिम निर्णय गठबंधन नेतृत्व ही करेगा।
इस बीच विपक्ष ने भी इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया दी है। राष्ट्रीय जनता दल के नेता मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि बिहार की राजनीति में जो बदलाव देखने को मिल रहा है, वह अप्रत्याशित है और इससे राज्य की सियासत में नई परिस्थितियां बन सकती हैं।
फिलहाल मुख्यमंत्री पद को लेकर कई नाम चर्चा में हैं। कुछ राजनीतिक हलकों में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान का नाम भी लिया जा रहा है, हालांकि एनडीए की ओर से अब तक किसी भी नाम पर आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। ऐसे में बिहार की राजनीति में आगे क्या फैसला होता है, इस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

