Thursday, March 5, 2026
Homeखबर स्तम्भनीतीश कुमार ने राज्यसभा जाने का किया ऐलान, बोले नई सरकार को...

नीतीश कुमार ने राज्यसभा जाने का किया ऐलान, बोले नई सरकार को देंगे पूरा सहयोग

सोशल मीडिया पर पोस्ट कर अटकलों पर लगाया विराम; कहा—बिहार के विकास के लिए संकल्प पहले की तरह जारी रहेगा

Highlights

  • मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्यसभा चुनाव लड़ने का किया ऐलानॉ
  • एक्स (X) पर पोस्ट कर अटकलों पर लगाया विराम
  • बिहार की जनता का जताया आभार
  • कहा—नई सरकार को मिलेगा मेरा पूरा सहयोग और मार्गदर्शन
  • राज्य की राजनीति में संभावित बदलाव की चर्चाएं तेज

विस्तार

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्यसभा जाने को लेकर चल रही अटकलों पर खुद ही विराम लगा दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर स्पष्ट किया कि वह आगामी राज्यसभा चुनाव में उम्मीदवार बनने जा रहे हैं। अपने संदेश में उन्होंने बिहार की जनता का आभार जताते हुए कहा कि पिछले दो दशकों से अधिक समय तक लोगों ने उन पर भरोसा बनाए रखा और इसी विश्वास के बल पर उन्हें राज्य की सेवा करने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि जनता के समर्थन की वजह से ही बिहार विकास और सम्मान के नए दौर की ओर बढ़ा है।

नीतीश कुमार ने अपने पोस्ट में यह भी कहा कि उनके संसदीय जीवन की शुरुआत से ही एक इच्छा रही है कि वे बिहार विधानसभा और विधान परिषद के साथ-साथ संसद के दोनों सदनों के भी सदस्य बनें। इसी सोच के तहत उन्होंने इस बार राज्यसभा का सदस्य बनने की इच्छा जताई है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भले ही उनकी भूमिका बदले, लेकिन बिहार के लोगों के साथ उनका रिश्ता पहले की तरह बना रहेगा और राज्य के विकास के लिए उनका संकल्प जारी रहेगा।

उन्होंने आगे कहा कि बिहार में जो भी नई सरकार बनेगी, उसे उनका पूरा सहयोग और मार्गदर्शन मिलेगा। नीतीश कुमार के इस ऐलान के बाद बिहार की राजनीति में नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं और माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में राज्य की सत्ता संरचना में भी बदलाव देखने को मिल सकता है।

एक्स पर पोस्ट कर नितीश कुमार ने लिखा 

पिछले दो दशक से भी अधिक समय से आपने अपना विश्वास एवं समर्थन मेरे साथ लगातार बनाए रखा है, तथा उसी के बल पर हमने बिहार की और आप सब लोगों की पूरी निष्ठा से सेवा की है। आपके विश्वास और समर्थन की ही ताकत थी कि बिहार आज विकास और सम्मान का नया आयाम प्रस्तुत कर रहा है। इसके लिए पूर्व में भी मैंने आपके प्रति कई बार आभार व्यक्त किया है।

संसदीय जीवन शुरू करने के समय से ही मेरे मन में एक इच्छा थी कि मैं बिहार विधान मंडल के दोनों सदनों के साथ संसद के भी दोनों सदनों का सदस्य बनूँ। इसी क्रम में इस बार हो रहे चुनाव में राज्यसभा का सदस्य बनना चाह रहा हूँ।

मैं आपको पूरी ईमानदारी से विश्वास दिलाना चाहता हूँ कि आपके साथ मेरा यह संबंध भविष्य में भी बना रहेगा एवं आपके साथ मिलकर एक विकसित बिहार बनाने का संकल्प पूर्ववत कायम रहेगा। जो नई सरकार बनेगी उसको मेरा पूरा सहयोग एवं मार्गदर्शन रहेगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular