आरपीएफ रांची की त्वरित कार्रवाई, तत्काल टिकट बेचकर अवैध कमाई करने वाला आरोपी धराया
Highlights :
- आरपीएफ की टीम ने पीआरएस बुकिंग काउंटर पर सफल छापेमारी
- आरोपी से दो तत्काल टिकट और मोबाइल फोन बरामद
- अतिरिक्त रकम लेकर टिकट उपलब्ध कराने की बात कबूली
- रेलवे अधिनियम 143 के तहत मामला दर्ज
- आरोपी को 10 जनवरी 2026 को रेलवे कोर्ट में पेश किया जाएगा
विस्तार :
रांची- रेलवे में अवैध टिकट कारोबार पर नकेल कसते हुए आरपीएफ रांची ने ऑपरेशन ‘उपलब्ध’ के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। 09 जनवरी 2026 को मिली गुप्त सूचना के आधार पर आरपीएफ पोस्ट रांची और सीआईबी रांची की संयुक्त टीम ने रांची पीआरएस बुकिंग काउंटर के आसपास छापेमारी की। इस दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को रेलवे पार्किंग गेट के पास पकड़ा गया।
पूछताछ में उसने अपना नाम मनोज कुमार महतो (36 वर्ष), निवासी — संखाकुरी, थाना चंदनकियारी, जिला बोकारो बताया। तलाशी के दौरान उसकी गिरफ्त से ट्रेन संख्या 20839 (रांची–नई दिल्ली) की दो यात्रियों की तत्काल टिकट और एक रियलमी मोबाइल फोन बरामद किया गया।
आरोपी ने स्वीकार किया कि वह टिकट उपलब्ध कराने के एवज में अतिरिक्त राशि लेकर अवैध रूप से लाभ कमाता था। उसका यह कृत्य रेलवे अधिनियम की धारा 143 के तहत स्पष्ट रूप से दंडनीय अपराध है। आरपीएफ ने उसे धारा 179(2) के तहत विधिवत गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को 10 जनवरी 2026 को रेलवे कोर्ट, रांची में पेश किया जाएगा।
कार्रवाई में शामिल अधिकारी:
इस सफल ऑपरेशन में निरीक्षक शिशुपाल कुमार, एसआई सोहन लाल, एएसआई शक्ति सिंह, स्टाफ डी.के. सिंह, एस.पी. राय एवं सीआईबी रांची टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
