Highlights:
- झारखंड हाईकोर्ट के नए मुख्य न्यायाधीश बने जस्टिस महेश शरदचंद्र सोनक
- 9 जनवरी को राजभवन में हुआ शपथ ग्रहण समारोह
- राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने दिलाई पद और गोपनीयता की शपथ
- कार्यकाल रहेगा 28 नवंबर 2026 तक
- मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत कई गणमान्य अतिथि रहे मौजूद
विस्तार
रांची : झारखंड लोकभवन/राजभवन में आयोजित गरिमामय समारोह में माननीय झारखंड उच्च न्यायालय के नवनियुक्त मुख्य न्यायाधीश जस्टिस महेश शरदचंद्र सोनक ने 9 जनवरी को पद और गोपनीयता की शपथ ली। उन्हें राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने शपथ दिलाई।
जस्टिस सोनक का मुख्य न्यायाधीश के रूप में कार्यकाल 28 नवंबर 2026 तक रहेगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, विधानसभा अध्यक्ष रवींद्र नाथ महतो, केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, , नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, विधायक सीपी सिंह सहित न्यायपालिका, प्रशासन और राजनीतिक जगत के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
लंबा और समृद्ध न्यायिक अनुभव
जस्टिस महेश शरदचंद्र सोनक ने वर्ष 1988 में महाराष्ट्र और गोवा बार काउंसिल में अधिवक्ता के रूप में अपना पंजीकरण कराया। इसके बाद उन्होंने लंबे समय तक बॉम्बे हाईकोर्ट की पणजी पीठ में वकालत की। अपने करियर के दौरान उन्होंने—
- सिविल और संवैधानिक कानून
- श्रम एवं सेवा कानून
- पर्यावरण कानून
- वाणिज्यिक और कर कानून
- कंपनी कानून
- जनहित याचिकाओं (PIL)
जैसे कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में कार्य किया।
वे केंद्र सरकार के अतिरिक्त स्टैंडिंग काउंसल और राज्य सरकार के विशेष काउंसल भी रह चुके हैं। साल 2013 में उन्हें बॉम्बे हाईकोर्ट का अतिरिक्त न्यायाधीश नियुक्त किया गया और 2 मार्च 2016 को वे वहां के स्थायी न्यायाधीश बने।
कॉलेजियम की सिफारिश के बाद मिली जिम्मेदारी
दिसंबर 2025 में सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने जस्टिस सोनक को झारखंड हाईकोर्ट का मुख्य न्यायाधीश बनाए जाने की सिफारिश की थी, जिसके बाद अब उन्होंने औपचारिक रूप से यह जिम्मेदारी संभाल ली है।
शिक्षा और शुरुआती जीवन
- जन्म: 28 नवंबर 1964, गोवा
- विद्यालय: डॉन बॉस्को हाई स्कूल, पणजी (गोवा)
- स्नातक: डेम्पो कॉलेज ऑफ आर्ट्स एंड साइंस से B.Sc.
- कानून की पढ़ाई: एम.एस. कॉलेज ऑफ लॉ, पणजी से LLB
