Saturday, January 10, 2026
Homeखबर स्तम्भBudget 2026: 26 साल बाद रविवार को पेश होगा आम बजट, निर्मला...

Budget 2026: 26 साल बाद रविवार को पेश होगा आम बजट, निर्मला सीतारमण रचेंगी इतिहास

Highlights:

  • 1 फरवरी 2026, रविवार को पेश होगा केंद्रीय बजट
  • रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता वाली CCPA ने तारीखों को दी मंजूरी
  • 1999 के बाद पहली बार रविवार को बजट प्रस्तुति
  • लगातार 9वां बजट पेश कर इतिहास बनाएंगी निर्मला सीतारमण
  • 28 जनवरी से शुरू होगा बजट सत्र, 29 जनवरी को आएगा आर्थिक सर्वे

विस्तार 

देश के संसदीय इतिहास में एक बार फिर नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट कमेटी ऑन पार्लियामेंटरी अफेयर्स (CCPA) की बैठक में संसद के आगामी बजट सत्र की अहम तारीखों को मंजूरी दे दी गई है। इसके तहत वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण 1 फरवरी 2026, रविवार को केंद्रीय बजट 2026-27 पेश करेंगी।

26 साल बाद रविवार को आम बजट

हाल के वर्षों में यह पहला मौका होगा, जब आम बजट रविवार के दिन पेश किया जाएगा। इससे पहले 28 फरवरी 1999 को अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में तत्कालीन वित्त मंत्री यशवंत सिन्हा ने रविवार को बजट पेश किया था। उस दिन बजट का समय भी बदला गया था और पहली बार शाम 5 बजे की बजाय सुबह 11 बजे बजट प्रस्तुत किया गया था।

बजट सत्र का पूरा कार्यक्रम

सूत्रों के मुताबिक:

  • 28 जनवरी 2026: राष्ट्रपति के संयुक्त सत्र से बजट सत्र की शुरुआत
  • 29 जनवरी 2026: संसद में पेश होगा आर्थिक सर्वे
  • पहला चरण: 28 जनवरी से 13 फरवरी
  • दूसरा चरण: 9 मार्च से 2 अप्रैल

आर्थिक सर्वे के जरिए बजट से पहले देश की आर्थिक स्थिति की विस्तृत तस्वीर सामने रखी जाएगी।

1 फरवरी को बजट पेश करने की परंपरा

पहले आम बजट 28 फरवरी को पेश किया जाता था। इस परंपरा को पूर्व वित्त मंत्री अरुण जेटली ने बदला और 1 फरवरी को बजट पेश करने की शुरुआत की, ताकि नए वित्तीय वर्ष की शुरुआत से ही बजट के प्रावधानों को लागू किया जा सके।

वीकेंड पर बजट नया नहीं

हालांकि रविवार को बजट पेश होना दुर्लभ है, लेकिन वीकेंड पर बजट कोई नई बात नहीं है।

  • निर्मला सीतारमण ने 2025 का बजट शनिवार को पेश किया था।
  • अरुण जेटली ने 2015 और 2016 में भी शनिवार को बजट पेश किया था।

निर्मला सीतारमण रचेंगी इतिहास

इस बजट के साथ निर्मला सीतारमण लगातार 9 बजट पेश करने वाली पहली वित्त मंत्री बन जाएंगी। इससे वे देश के सबसे लंबे समय तक बजट पेश करने वाले वित्त मंत्रियों की सूची में और मजबूत स्थिति में पहुंच जाएंगी। अब वे पूर्व प्रधानमंत्री मोरारजी देसाई के रिकॉर्ड के करीब होंगी, जिन्होंने दो कार्यकालों में कुल 10 बजट पेश किए थे।

आजादी के बाद 88वां बजट

केंद्रीय बजट 2026-27 आजादी के बाद देश का 88वां आम बजट होगा। वर्ष 2017 से सरकार लगातार 1 फरवरी को सुबह 11 बजे बजट पेश करने की परंपरा निभा रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular