नगर निगम परिसर में आयोजित कार्यक्रम में शहरी परिवहन, नागरिक सुविधा व HLMC योजनाओं की हुई शुरुआत
Highlights
- गिरिडीह में 71 विकास योजनाओं का शिलान्यास
- नगर विकास एवं आवास मंत्री सुदिव्य कुमार रहे मुख्य अतिथि
- नगर निगम परिसर में हुआ कार्यक्रम का आयोजन
- ठेकेदारों को गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं करने की सख्त चेतावनी
- जनप्रतिनिधियों व निगम अधिकारियों की रही मौजूदगी
विस्तार
गिरिडीह- गिरिडीह शहर के समग्र विकास को गति देने के उद्देश्य से झारखंड सरकार के नगर विकास एवं आवास विभाग सह उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने नगर निगम परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान शहरी परिवहन, नागरिक सुविधा एवं HLMC से स्वीकृत कुल 71 योजनाओं का विधिवत शिलान्यास किया।
कार्यक्रम की शुरुआत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, एसडीएम श्रीकांत विस्पुते, सहायक नगर आयुक्त अशोक हसदा सहित अन्य अधिकारियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ की गई। इस अवसर पर जेएमएम जिला अध्यक्ष संजय सिंह, नगर निगम के कई वार्ड पार्षद एवं निगम कर्मी उपस्थित रहे।
शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने ठेकेदारों को कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि गिरिडीह के विधायक और राज्य सरकार में मंत्री होने के नाते इस जिले पर उनका विशेष ध्यान है। सरकार से विकास के लिए धन उपलब्ध कराना उनकी जिम्मेदारी है, जबकि उस धन का सही उपयोग सुनिश्चित करना नगर निगम के अधिकारियों और ठेकेदारों की जिम्मेदारी है।
मंत्री ने स्पष्ट कहा कि योजनाओं का लाभ आम जनता तक पहुंचे, यही सरकार की प्राथमिकता है। कार्यक्रम के दौरान अर्बन प्लानर मंजूर आलम, जूनियर इंजीनियर सोनू रजक सहित नगर निगम के अन्य कर्मी भी मौजूद थे। इन योजनाओं के धरातल पर उतरने से गिरिडीह शहर में आधारभूत संरचना, यातायात व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।
