बिरसा चौक रिलायंस पेट्रोल पंप पर हुआ हादसा, जन्मदिन की खुशियां मातम में बदलीं
Highlights
- बिरसा चौक रिलायंस पेट्रोल पंप में हादसा
- स्कूटी में पेट्रोल लेने के दौरान कार ने युवक को कुचला
- कार चालक मौके से फरार
- मृतक ऑटो चालक का इकलौता बेटा
- 1 जनवरी को था युवक का जन्मदिन
विस्तार
राजधानी रांची से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। बिरसा चौक स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप में स्कूटी में पेट्रोल लेने के दौरान एक कार ने युवक को रौंद दिया। हादसे के तुरंत बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।
मृतक की पहचान विवेक कुमार तिर्की के रूप में हुई है। विवेक, बिरसा चौक लंका कॉलोनी निवासी ऑटो चालक फूलचंद तिर्की का इकलौता पुत्र था। पेट्रोल पंप पर मौजूद लोगों ने जब तक युवक को संभाला, तब तक उसकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
बताया जा रहा है कि विवेक अपने जन्मदिन (1 जनवरी) के लिए केक खरीदने घर से निकला था। गरीब परिवार का इकलौता सहारा छिन जाने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना के बाद परिजन जगन्नाथपुर थाना पहुंचे हैं और मामले की शिकायत दर्ज कराई जा रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर फरार कार चालक की तलाश में जुटी हुई है।
