Highlights :
- प्रियंका गांधी और रॉबर्ट वाड्रा के बेटे रेहान वाड्रा की सगाई
- 7 साल की दोस्ती और रिश्ते के बाद अवीवा बेग से हुई इंगेजमेंट
- बेहद निजी समारोह, सिर्फ करीबी लोग रहे मौजूद
- रणथम्भौर में हुई सगाई, शादी की तारीख जल्द तय होगी
- रेहान और अवीवा दोनों फोटोग्राफी और आर्ट से जुड़े
विस्तार :
नई दिल्ली। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी के नाती, राहुल गांधी के भांजे और प्रियंका गांधी वाड्रा के बेटे रेहान वाड्रा ने अपनी लॉन्गटाइम गर्लफ्रेंड अवीवा बेग से सगाई कर ली है। इस सगाई को दोनों परिवारों ने बेहद निजी रखा, जिसमें केवल करीबी रिश्तेदार और दोस्त ही शामिल हुए।
सूत्रों के मुताबिक, रेहान वाड्रा ने राजस्थान के रणथम्भौर में दोनों परिवारों की मौजूदगी में अवीवा बेग को प्रपोज किया, जिसे अवीवा ने स्वीकार कर लिया। बताया जा रहा है कि दोनों पिछले 7 सालों से रिलेशनशिप में थे और अब जल्द ही शादी के बंधन में बंधेंगे। शादी की तारीख दोनों परिवार आपसी सहमति से तय करेंगे।
कौन हैं अवीवा बेग?
अवीवा बेग दिल्ली की रहने वाली हैं और पेशे से फोटोग्राफर और आर्टिस्ट हैं। उन्होंने मॉडर्न स्कूल, दिल्ली से पढ़ाई की और इसके बाद जर्नलिज्म व मीडिया से जुड़ा काम किया। अवीवा ने कई आर्ट एग्जीबिशन में हिस्सा लिया है और वह एक फोटोग्राफिक स्टूडियो की को-फाउंडर भी हैं।
अवीवा के पिता इमरान बेग एक बिजनेसमैन हैं, जबकि उनकी मां नंदिता बेग जानी-मानी इंटीरियर डिजाइनर हैं। खास बात यह है कि नंदिता बेग और प्रियंका गांधी वाड्रा पुरानी दोस्त हैं। कांग्रेस मुख्यालय इंदिरा भवन के इंटीरियर डिजाइन में भी नंदिता बेग ने प्रियंका गांधी के साथ मिलकर काम किया था।
बचपन की दोस्ती से जीवनसाथी तक
रेहान वाड्रा और अवीवा बेग की दोस्ती बचपन से है। दोनों ने एक ही स्कूल में शुरुआती पढ़ाई की और समय के साथ यह दोस्ती प्यार में बदल गई। दोनों को फोटोग्राफी का शौक है और आर्ट के क्षेत्र में दोनों की रुचि समान है।
राजनीति से दूर हैं रेहान
रेहान वाड्रा आमतौर पर राजनीति से दूरी बनाए रखते हैं। वह एक विजुअल और इंस्टॉलेशन आर्टिस्ट हैं और ‘डार्क परसेप्शन’ नाम से अपनी सोलो एग्जीबिशन भी कर चुके हैं। कोलकाता और दिल्ली में उनकी फोटोग्राफी प्रदर्शनी लग चुकी है। हालांकि, वे कभी-कभार अपनी मां प्रियंका गांधी और मामा राहुल गांधी के साथ सार्वजनिक कार्यक्रमों में नजर आते रहे हैं।
परिवार में खुशी का माहौल
रेहान की सगाई की खबर के बाद गांधी-वाड्रा परिवार में खुशी का माहौल है। माना जा रहा है कि आने वाले महीनों में शादी की तैयारियां शुरू हो जाएंगी और यह विवाह भी सादगी के साथ किया जाएगा।
हालांकि अभी तक परिवार की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। हमने प्रियंका गांधी वाड्रा के आधिकारिक एक्स (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट पर भी जानकारी खंगाली, लेकिन वहां ऐसी कोई सूचना साझा नहीं की गई है। फिलहाल मीडिया रिपोर्ट्स के आधार पर यह खबर सामने आ रही है।
