Friday, March 6, 2026
Homeखबर स्तम्भपरमवीर अल्बर्ट एक्का की 83वीं जयंती: रांची में दी गई श्रद्धांजलि, राज्य...

परमवीर अल्बर्ट एक्का की 83वीं जयंती: रांची में दी गई श्रद्धांजलि, राज्य सरकार पर साधा निशाना

अल्बर्ट एक्का चौक पर माल्यार्पण, रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने किया नमन, सरकारी कार्यक्रम नहीं होने पर राज्य सरकार पर साधा निशाना

Highlights :

  • परमवीर चक्र विजेता शहीद अल्बर्ट एक्का की 83वीं जयंती आज
  • रांची के अल्बर्ट एक्का चौक पर प्रतिमा पर माल्यार्पण
  • केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ हुए शामिल
  • सरकारी कार्यक्रम नहीं होने पर जताई नाराजगी
  • शहीद के गांव जारी के कायाकल्प की घोषणा

विस्तार :

रांची। परमवीर चक्र विजेता और भारत-पाक युद्ध में वीरगति को प्राप्त लांस नायक शहीद अल्बर्ट एक्का की आज 83वीं जयंती है। शहीद अल्बर्ट एक्का का जन्म 27 दिसंबर 1942 को झारखंड के गुमला जिले के जारी गांव में हुआ था। उनकी वीरता और बलिदान ने देश की सैन्य इतिहास में अमिट छाप छोड़ी है।

जयंती के अवसर पर राजधानी रांची के अल्बर्ट एक्का चौक स्थित उनकी प्रतिमा पर केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने पहुंचकर माल्यार्पण किया और उन्हें नमन किया। इस दौरान उन्होंने शहीद अल्बर्ट एक्का के अदम्य साहस और राष्ट्र के प्रति सर्वोच्च बलिदान को याद किया।

इस मौके पर संजय सेठ ने कहा कि शहीद अल्बर्ट एक्का देश के ऐसे वीर सपूत थे, जिनकी शहादत आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरणा देती रहेगी। हालांकि, उन्होंने आज के दिन किसी सरकारी कार्यक्रम के आयोजन न होने पर नाराजगी भी जताई और राज्य सरकार पर निशाना साधा।

रक्षा राज्य मंत्री ने लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि शहीदों के सम्मान में किसी तरह की उदासीनता स्वीकार्य नहीं है। साथ ही उन्होंने यह भी घोषणा की कि शहीद अल्बर्ट एक्का के पैतृक गांव जारी का कायाकल्प किया जाएगा, ताकि वहां उनके नाम और बलिदान को सम्मानपूर्वक सहेजा जा सके।

“शहीद अल्बर्ट एक्का का बलिदान देश के लिए अमूल्य है। उनके सम्मान में कोई भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और उनके गांव जारी के विकास के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।” परमवीर अल्बर्ट एक्का की जयंती पर पूरे राज्य में उन्हें श्रद्धा और सम्मान के साथ याद किया गया। उनका जीवन और बलिदान आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत बना हुआ है।

 

RELATED ARTICLES

Most Popular