Sunday, April 26, 2026
Homeखबर स्तम्भगिद्धौर में हाथी की दस्तक, घरों को तोड़ा, ग्रामीणों में दहशत

गिद्धौर में हाथी की दस्तक, घरों को तोड़ा, ग्रामीणों में दहशत

झुंड से बिछड़ा हाथी गांव में घुसा, कई घरों को पहुंचाया नुकसान

Highlights:

  • झुंड से बिछड़ा एक हाथी गिद्धौर पहुंचा
    • खलारी गांव में घर की दीवार तोड़कर धान खाया
    • दो घरों में घुसकर किया नुकसान
    • ग्रामीणों के शोर मचाने पर जंगल की ओर भागा
    • किसी के हताहत होने की सूचना नहीं
    • ग्रामीणों में दहशत का माहौल

विस्तार:

गिद्धौर प्रखंड क्षेत्र में मंगलवार की देर रात एक बिछड़ा हुआ हाथी गांव में घुस आया, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। मिली जानकारी के अनुसार हाथी सबसे पहले खलारी गांव पहुंचा, जहां उसने पौलुस मुंडा के घर की दीवार तोड़ दी और घर में रखे दो बोरा धान खा गया।

बताया गया कि पौलुस मुंडा का ईंट का मकान मिट्टी के गिलावे से जुड़ा हुआ था, जिसे हाथी ने पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद हाथी गांव के ही थॉमस मुंडा के घर पहुंचा और दरवाजा तोड़कर अंदर रखा धान निकालकर खा गया।

घटना के बाद ग्रामीणों ने शोर-शराबा और हो-हल्ला मचाया, जिससे हाथी जंगल की ओर भागते हुए केंदुआ गांव पहुंच गया। वहां उसने दिनेश्वर साव के घर का दरवाजा तोड़ दिया, हालांकि इस दौरान किसी तरह की सामग्री को नुकसान नहीं पहुंचा।

ग्रामीणों के एकजुट होकर हल्ला मचाने के बाद हाथी धीरे-धीरे जंगल की ओर लौट गया। ग्रामीणों का कहना है कि हाथी अपने झुंड से बिछड़ गया है और अकेले भटक रहा है, जिससे आने वाले दिनों में फिर खतरा बना रह सकता है।

फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन ग्रामीणों ने वन विभाग से इलाके में गश्त बढ़ाने और हाथी को सुरक्षित जंगल में भेजने की मांग की है।

RELATED ARTICLES

Most Popular