Friday, March 6, 2026
Homeखबर स्तम्भटोटो और प्राइवेट गाड़ियों को जल्द मिलेगा पार्किंग जोन, झंडा मैदान रोड...

टोटो और प्राइवेट गाड़ियों को जल्द मिलेगा पार्किंग जोन, झंडा मैदान रोड का निरीक्षण

जाम से राहत की तैयारी, 15 दिनों में बनेगा पार्किंग जोन: सदर SDM

Highlights

  • झंडा मैदान रोड पर टोटो और निजी वाहनों की वजह से लग रहा था जाम
  • सदर एसडीएम श्रीकांत यशवंत बिस्पुते ने किया स्थल निरीक्षण
  • सड़क किनारे दुकानों व सरकारी भवनों से हटाया गया अतिक्रमण
  • 15 दिनों के भीतर टोटो व प्राइवेट वाहनों के लिए पार्किंग जोन तैयार करने का निर्देश

गिरिडीह: शहर में लगातार बढ़ती ट्रैफिक समस्या और जाम से निजात दिलाने की दिशा में प्रशासन ने ठोस पहल शुरू कर दी है। कचहरी, एसडीएम कार्यालय और झंडा मैदान रोड पर टोटो एवं निजी वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग से उत्पन्न जाम की समस्या को देखते हुए सदर एसडीएम श्रीकांत यशवंत बिस्पुते ने गुरुवार को झंडा मैदान रोड एवं उसके आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान पाया गया कि सर जे.सी. बोस स्कूल के समीप बड़ी संख्या में टोटो खड़े रहते हैं, जिससे आवागमन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। इसके अलावा सड़क के दोनों ओर दुकानदारों द्वारा अतिक्रमण भी किया गया था। प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटवाया।

इस अवसर पर सदर एसडीएम श्रीकांत यशवंत बिस्पुते ने बताया कि ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए टोटो और प्राइवेट गाड़ियों के लिए अलग पार्किंग जोन बनाया जाएगा, जिससे जाम की समस्या से स्थायी राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि 15 दिनों के भीतर पार्किंग जोन तैयार कर लिया जाएगा

उन्होंने यह भी बताया कि निरीक्षण के दौरान कुछ सरकारी भवनों पर अवैध कब्जा पाया गया, जिन्हें अतिक्रमण मुक्त कराया गया है। इन भवनों में जेल परिसर से संबंधित कुछ कार्यालयों को शिफ्ट किया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान नगर निगम के अर्बन प्लानर मंजूर आलम, नगर प्रबंधक विपिन विमल टोप्पो, यातायात इंस्पेक्टर दुगन टोपनो, सहित शिवम कुमार, रवि वर्मा, निशांत वर्मा, अमित राय, प्रशांत कुमार, राहुल हाड़ी, छोटू रविदास, सहायक पुलिस शुभम कुमार रामप्रसाद एवं अन्य पुलिस बल मौजूद थे।

प्रशासन की इस पहल से आम नागरिकों और वाहन चालकों को आने वाले दिनों में जाम की समस्या से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular