Saturday, February 21, 2026
Homeक्राइमचतरा में लोजपा नेता प्रेम सिंह को धमकी, प्रिंस खान पर दुबई...

चतरा में लोजपा नेता प्रेम सिंह को धमकी, प्रिंस खान पर दुबई से 2 करोड़ रंगदारी मांगने का आरोप

धनबाद के कुख्यात माफिया प्रिंस खान पर विदेश से धमकी देने का आरोप, हंटरगंज थाना में दर्ज कराई गई शिकायत

Highlights:

  • चतरा के लोजपा नेता प्रेम सिंह को जान से मारने की धमकी
  • दुबई से कॉल कर 2 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का आरोप
  • आरोपी के रूप में धनबाद के कुख्यात माफिया प्रिंस खान का नाम
  • पीड़ित नेता ने हंटरगंज थाना में लिखित आवेदन देकर की शिकायत
  • पुलिस ने मामले की जांच शुरू की

विस्तार:

चतरा जिले से एक गंभीर आपराधिक मामला सामने आया है। लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के नेता प्रेम सिंह को कुख्यात अपराधी प्रिंस खान द्वारा धमकाए जाने की खबर से राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है। आरोप है कि धनबाद का बड़ा माफिया प्रिंस खान, जो वर्तमान में दुबई में रह रहा है, उसने प्रेम सिंह को फोन कर न सिर्फ जान से मारने की धमकी दी, बल्कि 2 करोड़ रुपये की रंगदारी भी मांगी है।

सूत्रों के अनुसार, धमकी भरे कॉल मिलने के बाद प्रेम सिंह ने तत्काल हंटरगंज थाना पहुंचकर पूरे मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। आवेदन में उन्होंने स्पष्ट रूप से प्रिंस खान का नाम लेते हुए कहा है कि कॉल के दौरान उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई और तय समय के भीतर रंगदारी नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी गई।

व्हाट्सएप ऑडियो और कॉल से दहशत

पहले ऑडियो संदेश भेजकर और फिर कॉल कर धमकी देने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, 11 दिसंबर 2025 को दोपहर करीब 1:24 बजे प्रेम सिंह के व्हाट्सएप पर +971545920432 नंबर से एक ऑडियो क्लिप और कुछ यूट्यूब लिंक भेजे गए। ऑडियो में उनके क्रशर व्यवसाय का हवाला देते हुए 2 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई। साथ ही यह भी कहा गया कि थाना, एसपी, डीआईजी या डीजीपी भी उन्हें नहीं बचा पाएंगे। धमकी देने वाले ने पहले प्रेम सिंह के बेटे की शादी का जिक्र करते हुए चुप रहने की बात कही, जबकि बाद में पोते का मुंह नहीं देखने देने तक की धमकी दी गई। इसके बाद शाम करीब 4:13 बजे उसी नंबर से व्हाट्सएप कॉल कर एक बार फिर धमकी दोहराई गई।

इलाके में दहशत का माहौल

घटना के बाद चतरा जिले में राजनीतिक कार्यकर्ताओं और आम लोगों के बीच दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बाहर बैठकर इस तरह की धमकियां देना कानून-व्यवस्था के लिए बड़ी चुनौती है। वहीं, प्रेम सिंह के समर्थकों ने प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।

प्रिंस खान कौन है?

प्रिंस खान वासेपुर (धनबाद) का कुख्यात गैंगस्टर है, जिसका नाम कई संगीन अपराधों से जुड़ा रहा है। उस पर हत्या, फायरिंग और रंगदारी से जुड़े अनेक मामले दर्ज हैं और वह लंबे समय से पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ है।

जानकारी के अनुसार, वर्ष 2021 से वह विदेश फरार है, जिसमें मुख्य तौर पर दुबई में छिपे होने की बात सामने आती रही है। उसकी गिरफ्तारी के लिए इंटरपोल द्वारा रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया जा चुका है। वहीं, भारत में उसके नेटवर्क को तोड़ने के लिए उसके गुर्गों और करीबियों पर लगातार पुलिस छापेमारी कर रही है।

आरोप है कि प्रिंस खान विदेश में रहते हुए भी व्हाट्सएप और कॉल के जरिए धनबाद, बोकारो, रांची, जमशेदपुर समेत कई शहरों में कारोबारियों, डॉक्टरों और अन्य लोगों को धमकाकर रंगदारी वसूलने की कोशिश करता रहा है।

RELATED ARTICLES

Most Popular