Highlights:
- SC-ST-OBC छात्रों को 2 वर्षों से छात्रवृत्ति नहीं मिलने का आरोप
- BJP युवा मोर्चा ने शव यात्रा निकाल कर किया प्रतीकात्मक दहन
- रांची के जिला स्कूल परिसर से अल्बर्ट एक चौक तक प्रदर्शन
- “सरकार युवाओं के भविष्य से कर रही खिलवाड़” – युवा मोर्चा
विस्तार
रांची- राज्य सरकार द्वारा अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और पिछड़ा वर्ग के छात्रों को पिछले दो वर्षों से छात्रवृत्ति नहीं दिए जाने के विरोध में भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा ने आज रांची में जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान युवा मोर्चा ने राज्य सरकार का पुतला दहन कर अपना आक्रोश व्यक्त किया।
शव यात्रा निकाल कर जताया विरोध
युवा मोर्चा के नेतृत्व में सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता और छात्र-छात्राएं जिला स्कूल परिसर से अल्बर्ट एक चौक तक शव यात्रा निकालते हुए पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और बाद में सांकेतिक रूप से सरकार का दहन किया।

“छात्रों के भविष्य से खिलवाड़”
मौके पर मौजूद युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष शशांक राज और जिला अध्यक्ष रोमित नारायण सिंह ने राज्य सरकार पर युवाओं के साथ वादाखिलाफी का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार भ्रष्टाचार में डूबी हुई है और इसका खामियाजा गरीब तथा वंचित वर्ग के छात्र-छात्राओं को भुगतना पड़ रहा है।
पढ़ाई और परीक्षा की तैयारी पर असर
नेताओं ने कहा कि लगभग दो वर्षों से छात्रवृत्ति नहीं मिलने के कारण लाखों छात्र-छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। आर्थिक तंगी के चलते कई छात्रों के सामने परीक्षा की तैयारी और उच्च शिक्षा जारी रखने में गंभीर समस्याएं खड़ी हो गई हैं।
आंदोलन जारी रखने की चेतावनी
युवा मोर्चा ने चेतावनी दी कि यदि जल्द छात्रवृत्ति की राशि जारी नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा और सरकार को सड़कों पर जवाब दिया जाएगा।
