Monday, January 26, 2026
Homeखबर स्तम्भपंकज चौधरी बने यूपी भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष, लखनऊ में हुआ...

पंकज चौधरी बने यूपी भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष, लखनऊ में हुआ औपचारिक ऐलान

केंद्रीय पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में पंकज चौधरी के नाम पर लगी मुहर, सीएम योगी समेत दिग्गज नेता रहे उपस्थित

Highlights :

  • पंकज चौधरी को यूपी भाजपा का नया प्रदेश अध्यक्ष घोषित किया गया
  • लखनऊ के आरएमएल विश्वविद्यालय परिसर में हुई औपचारिक घोषणा
  • इकलौता नामांकन होने के कारण पहले ही तय था नाम
  • विनोद तावड़े और पीयूष गोयल ने की जीत की घोषणा
  • मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कार्यक्रम में रहे मौजूद
  • पंकज चौधरी कुर्मी बिरादरी से चौथे प्रदेश अध्यक्ष बने

विस्तार :

यूपी भाजपा को नया प्रदेश अध्यक्ष मिल गया है। केंद्रीय पर्यवेक्षकों ने पंकज चौधरी के नाम की औपचारिक घोषणा कर दी है। शनिवार को एकमात्र नामांकन होने के मतलब उनका अध्यक्ष बनना पहले ही तय हो गया था। रविवार को लखनऊ स्थित राम मनोहर लोहिया विश्वविद्यालय परिसर के सभागार में इसकी औपचारिक घोषणा की गई।

इस मौके पर केंद्रीय चुनाव पर्यवेक्षक एवं भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, प्रदेश चुनाव अधिकारी और पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय ने पंकज चौधरी की जीत की घोषणा की।

सीएम योगी समेत कई दिग्गज रहे मौजूद

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक और प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। घोषणा होते ही सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

पीयूष गोयल बोले – संगठन की ताकत का प्रतीक

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि भाजपा की यह ताकत है कि संगठन आज इस मुकाम पर खड़ा है। इसके बाद भूपेंद्र सिंह चौधरी ने पार्टी का झंडा नव निर्वाचित अध्यक्ष पंकज चौधरी को सौंपा। इस अवसर पर भाजपा की राष्ट्रीय परिषद के 120 नव निर्वाचित सदस्यों की भी घोषणा की गई।

कुर्मी समाज से चौथे प्रदेश अध्यक्ष

पंकज चौधरी प्रदेश भाजपा के 17वें अध्यक्ष बने हैं और कुर्मी बिरादरी से चौथे नेता हैं जो इस पद तक पहुंचे हैं। उनसे पहले विनय कटियार, ओमप्रकाश सिंह और स्वतंत्रदेव सिंह इस बिरादरी से प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं।

गोरखपुर बना सत्ता का नया केंद्र

केंद्रीय राजनीति से प्रदेश संगठन की कमान संभालने वाले पंकज चौधरी के अध्यक्ष बनने से पूर्वांचल, खासकर गोरखपुर का राजनीतिक कद और बढ़ गया है। एक ओर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सरकार की कमान संभाल रहे हैं, तो दूसरी ओर संगठन की जिम्मेदारी पंकज चौधरी के हाथों में है।

राजनीतिक सफर

1964 में जन्मे पंकज चौधरी ने गोरखपुर से अपनी राजनीति की शुरुआत की। 1989 में नगर निगम पार्षद और डिप्टी मेयर बने। 1991 में पहली बार लोकसभा चुनाव जीतकर संसद पहुंचे। अब तक वह कई बार सांसद चुने जा चुके हैं और वर्तमान में केंद्र सरकार में वित्त राज्य मंत्री हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular