पत्रकारिता और संगीत जगत को बड़ा नुकसान — मंत्री सुदीप कुमार सोनू ने पहुंचकर व्यक्त की संवेदना
Highlights:
- गिरिडीह के वरिष्ठ पत्रकार प्रभाकर आलोक का दिल का दौरा पड़ने से निधन
- नगर विकास मंत्री सुदीप कुमार सोनू ने आवास पहुंचकर परिवार को सांत्वना दी
- तेज खांसी के कारण नर्सिंग होम में भर्ती, रात 9 बजे आया हार्ट अटैक
- मीडिया जगत में शोक की लहर, कई इलेक्ट्रॉनिक और प्रिंट मीडिया संस्थानों में कर चुके थे काम
- वर्तमान में ABA News का कर रहे थे संचालन
विस्तार:
गिरिडीह में पत्रकारिता जगत को लगा बड़ा झटका
गिरिडीह- गिरिडीह के वरिष्ठ पत्रकार और संगीत क्षेत्र में गहरी रुचि रखने वाले प्रभाकर आलोक का निधन हो गया। बुधवार रात करीब 9 बजे हार्ट अटैक आने के बाद उनकी मौत हो गई। यह खबर फैलते ही मीडिया जगत, परिचितों और स्थानीय समाज में शोक की लहर दौड़ गई।
अस्पताल में भर्ती थे पत्रकार आलोक प्रभाकर
जानकारी के अनुसार, प्रभाकर आलोक को पिछले कुछ दिनों से तेज खांसी की शिकायत थी, जिसके बाद उन्हें नवजीवन नर्सिंग होम में इलाज के लिए भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान ही अचानक देर रात दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हो गया।
परिवार से मिले नगर विकास मंत्री
गुरुवार को मकतपुर रोड स्थित उनके आवास पर नगर विकास मंत्री सुदीप कुमार सोनू पहुंचे। मंत्री ने दिवंगत पत्रकार को श्रद्धांजलि दी और परिजनों से मिलकर संवेदना व्यक्त की। उन्होंने परिवार को ढाढ़स बंधाते हुए कहा कि यह मीडिया जगत ही नहीं बल्कि समाज की भी बड़ी क्षति है। कई पत्रकार, सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय लोग लगातार आवास पहुंचकर परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।

लंबा अनुभव, कई संस्थानों से जुड़े रहे
प्रभाकर आलोक गिरिडीह के पत्रकारिता जगत का जाना–पहचाना नाम थे। उन्होंने अपने करियर में कई इलेक्ट्रॉनिक और प्रिंट मीडिया संस्थानों में काम किया था। वर्तमान में वे ABA News का संचालन कर रहे थे और जिले की समस्याओं और सामाजिक मुद्दों को प्रमुखता से उठाते थे।
