रांची: मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने 45– घाटशिला (अ.ज.जा) विधानसभा क्षेत्र में चल रहे उपचुनाव के लिए मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया है। नागरिकों से अनुरोध किया गया है कि वे सूची में अपना नाम अवश्य जांचें और जिनका नाम नहीं है, वे फॉर्म–6 भरकर अपनी नामांकन सुनिश्चित करें।मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि अंतिम प्रकाशन के दौरान इस विधानसभा क्षेत्र में 4,456 नए मतदाता जुड़ें, जिसमें 1,585 पुरुष और 2,871 महिलाएं शामिल हैं। प्रारूप प्रकाशन में कुल मतदाताओं की संख्या 2,51,367 थी, जो अब बढ़कर 2,55,823 हो गई है। पुरुष मतदाता 1,24,899 और महिला मतदाता 1,30,921 हो गए हैं।
उन्होंने कहा कि घाटशिला में रिक्ति के 6 महीने के भीतर उपचुनाव कराया जाएगा। मतदाता सूची की हार्ड और सॉफ्ट कॉपी संबंधित राजनीतिक दलों और कार्यालयों को प्रदान की गई है। विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत 1200 से अधिक मतदाताओं वाले मतदान केंद्रों का युक्तिकरण किया गया। इस प्रक्रिया के बाद विधानसभा क्षेत्र में कुल 300 मतदान केंद्र हुए, जिसमें 12 नए मतदान केंद्र बनाए गए और 3 केंद्रों का विलय किया गया।
