झारखंड सरकार ने महिलाओं को त्योहार से पहले खुशखबरी दी है। मंइयां सम्मान योजना के तहत सितंबर महीने की किस्त महिलाओं के खातों में भेजने की तैयारी पूरी हो गई है। हर लाभुक महिला को 2,500 रुपये की राशि मिलेगी।महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग ने सभी जिलों को आदेश दिया है कि 26 सितंबर से पहले यह राशि खातों में ट्रांसफर कर दी जाए। सोमवार को कलश स्थापना की वजह से बैंक बंद रहेंगे, इसलिए पैसों का वितरण मंगलवार से शुरू होने की संभावना है।मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सभी लाभुकों को संदेश भेजकर कहा कि इस बार दुर्गा पूजा की खुशियां और बढ़ जाएंगी, क्योंकि त्योहार से पहले ही यह सम्मान राशि मिल जाएगी।सरकार का कहना है कि इस योजना का मकसद महिलाओं को आर्थिक मजबूती देना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। मुख्यमंत्री ने राज्य की सभी बहनों को दुर्गा पूजा की अग्रिम शुभकामनाएं भी दीं।