Friday, September 19, 2025
Homeखबर स्तम्भZRUCC बैठक में गिरिडीह–कोडरमा के विकास की गूंज, मुकेश जालान ने उठाए...

ZRUCC बैठक में गिरिडीह–कोडरमा के विकास की गूंज, मुकेश जालान ने उठाए कई अहम मुद्दे

गिरिडीह  कोलकाता के ताज बंगाल होटल में आयोजित ZRUCC बैठक में गिरिडीह–कोडरमा लोकसभा क्षेत्र के मुख्य सदस्य मुकेश कुमार जालान ने पूर्वी रेलवे के विकास और यात्री सुविधाओं को लेकर कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए। उन्होंने सबसे पहले मधुपुर–न्यू गिरिडीह–कोडरमा रेल लाइन के दोहरीकरण पर जोर दिया और कहा कि यह पूरे क्षेत्र के लिए अत्यंत आवश्यक है। इसके साथ ही गिरिडीह से पटना और कोलकाता के लिए सीधी रेल सेवा शुरू करने की मांग की  क्योंकि प्रतिदिन हजारों यात्री शिक्षा  चिकित्सा और व्यवसायिक कार्यों से इन शहरों की ओर जाते हैं।

उन्होंने हावड़ा–पटना वंदे भारत ट्रेन का मधुपुर स्टेशन पर ठहराव अनिवार्य करने का अनुरोध किया और कहा कि गिरिडीह व कोडरमा के यात्री सीधे इससे लाभान्वित होंगे। वहीं आसनसोल–हटिया एक्सप्रेस की भीड़भाड़ को देखते हुए उन्होंने बताया कि फिलहाल इसमें 6 सामान्य डिब्बे हैं  जिन्हें बढ़ाकर 10 किया जाना चाहिए। साथ ही एक अतिरिक्त AC-3 कोच जोड़ने और महेशमुंडा व सलैया पर इसका ठहराव देने का भी सुझाव दिया।

श्री जालान ने आगे कहा कि हावड़ा–गया वंदे भारत की सीटें अक्सर खाली रहती हैं  इसलिए इसे सप्ताह में तीन दिन गया–कोडरमा–न्यू गिरिडीह–मधुपुर–आसनसोल होकर हावड़ा तक चलाया जाए। इससे यात्रियों को सीधी सुविधा मिलेगी और रेलवे की आय भी बढ़ेगी। उन्होंने टुंडी रोड के जर्जर रेलवे ओवरब्रिज की ओर ध्यान आकर्षित करते हुए नया डबल लेन पुल बनाने की भी मांग रखी। इसके अलावा गिरिडीह की बंद पड़ी रेलवे लाइब्रेरी को पुनः चालू करने और अंटाबंगला मैदान को खेल व पार्क के रूप में विकसित करने का सुझाव दिया। अंत में, स्थानीय जनता की भावनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने सलैया स्टेशन का नाम बदलकर पचम्बा स्टेशन  करने का अनुरोध किया।

बैठक में उनके साथ सहयोगी के रूप में उपस्थित भाजपा आईटी सेल गिरिडीह जिला संयोजक शाहिल शर्मा ने भी इन सभी मांगों का समर्थन किया और कहा  कि यह क्षेत्र की वास्तविक जरूरतों का प्रतिनिधित्व करती हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular