चतरा में झोलाछाप डॉक्टर के गलत इंजेक्शन से महिला की मौत
हाइलाइट्स:
-
चतरा जिले में झोलाछाप डॉक्टरों की भरमार, जानलेवा साबित हो रहा इलाज
-
बुखार के बाद क्लिनिक पहुंची महिला की इंजेक्शन लगते ही बिगड़ी तबीयत
-
परिजनों का आरोप – मौत के बाद झोलाछाप डॉक्टर हुआ फरार
-
पोस्टमार्टम से परिजनों ने किया इंकार, समझौते का दबाव बनाने का आरोप
-
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की
चतरा : जिले में झोलाछाप डॉक्टरों की लापरवाही और गलत इलाज के कारण एक बार फिर बड़ी घटना सामने आई है। हंटरगंज प्रखंड के वशिष्ठ नगर थाना क्षेत्र के जोरी मास्टर मुहल्ला गांव में एक महिला की जान चली गई।
मृतका की पहचान 48 वर्षीय पनवा देवी, पत्नी शंकर दास के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम पनवा देवी को बुखार की शिकायत हुई, जिसके बाद वह गांव के ही एक निजी क्लिनिक में इलाज के लिए गईं। यहां पर तथाकथित डॉक्टर सरवर ने उन्हें बिना जांच किए ही इंजेक्शन दे दिया।
इंजेक्शन लगने के तुरंत बाद महिला की हालत बिगड़ने लगी और कुछ ही मिनटों में उनकी मौत हो गई। घटना के बाद झोलाछाप डॉक्टर सरवर मौके से फरार हो गया।
मौत की खबर के बाद परिजन आनन-फानन में महिला को अस्पताल ले गए, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूत्रों के मुताबिक, मामले को दबाने और समझौता कराने के लिए परिजनों पर दबाव बनाया जा रहा है। यहां तक कि आर्थिक ऑफर भी दिया गया। हालांकि, परिजन पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर रहे हैं।
इधर, घटना की जानकारी मिलते ही वशिष्ठ नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।