चतरा में दो दिनों से मूसलाधार बारिश, डीसी ने गिद्धौर प्रखंड के कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय समेत कई जगहों का लिया जायजा
Highlights
- चतरा में दो दिनों से मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त
- डीसी कीर्तिश्री बिना परवाह किए छाता लेकर निकलीं मैदान में
- गिद्धौर प्रखंड के कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय का किया निरीक्षण
- छात्राओं की सुरक्षा को बताया प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता
- रामटुंडा पुल और अन्य स्थलों की स्थिति का लिया जायजा
- सभी बीडीओ और सीओ को बारिश से हुए नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश
- जिला प्रशासन ने नागरिकों से सतर्क रहने और आपदा की स्थिति में तुरंत संपर्क करने की अपील की
चतरा में दो दिनों से मूसलाधार बारिश, डीसी ने गिद्धौर प्रखंड के कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय समेत कई जगहों का लिया जायजा
चतरा : चतरा जिले में पिछले दो दिनों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। हालात का जायजा लेने और जिलावासियों की समस्याओं को समझने के लिए उपायुक्त (डीसी) कीर्तिश्री बारिश की परवाह किए बिना हाथ में छाता लेकर विभिन्न इलाकों में निकल पड़ीं।
इस दौरान उन्होंने आधा दर्जन से अधिक स्थलों का निरीक्षण किया। मौके पर मौजूद प्रखंड विकास पदाधिकारी हरिहंत महतो और अंचल अधिकारी अनिल कुमार को उन्होंने बारिश से हुए नुकसान का आकलन कर जल्द रिपोर्ट देने का निर्देश दिया। डीसी ने साफ कहा कि जिले के सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी और अंचल अधिकारी अपने-अपने इलाकों का लगातार निरीक्षण करें और लोगों की समस्याओं के समाधान में तत्पर रहें।
निरीक्षण के क्रम में डीसी कीर्तिश्री ने गिद्धौर प्रखंड स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय का भी जायजा लिया। उन्होंने विद्यालय परिसर में हुए नुकसान और जलजमाव की स्थिति देखकर वार्डन को सतर्क रहने का निर्देश दिया और कहा कि छात्राओं की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इसके साथ ही उन्होंने विद्यालय परिसर के उत्तरी भाग की चारदीवारी को वर्षा के बाद और मजबूत करने का आदेश दिया। वहीं, रामटुंडा पुल की स्थिति का भी निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डीसी ने कहा कि भारी वर्षा से प्रभावित इलाकों का सही आकलन कर शीघ्र राहत सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि वे बारिश के दौरान नदी, डैम और जलस्रोतों के किनारे अनावश्यक रूप से न जाएं, सतर्क रहें और किसी भी समस्या की स्थिति में तुरंत प्रशासन से संपर्क करें।
निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता सहित जिला प्रशासन के अन्य पदाधिकारी और कर्मी भी मौजूद रहे।