रांची- कल (22 अगस्त) से शुरू हो रहे झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र में पक्ष-विपक्ष दोनों तैयार है। जहां JMM और कांग्रेस मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) का जोरदार विरोध करेगी। वहीं भाजपा सूर्या हांसदा एनकाउंटर का मामला उठाएगी।
झारखंड विधानसभा का मानसून सत्र 22 से 28 अगस्त तक
झारखंड विधानसभा का मानसून सत्र अब 22 अगस्त से 28 अगस्त तक आयोजित होगा। राज्य सरकार ने इसकी आधिकारिक घोषणा कर दी थी। सात दिनों तक चलने वाले इस सत्र में अनुपूरक बजट पेश किए जाने के साथ-साथ कई अहम विधायी कार्यों पर चर्चा होने की संभावना है।
गौरतलब है कि पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद शिबू सोरेन के निधन के बाद सत्र को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया था, जिस कारण सरकार अनुपूरक बजट पेश नहीं कर सकी थी। अब सरकार बजट समेत विकास योजनाओं को सदन में रखने की तैयारी कर रही है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह सत्र सरकार और विपक्ष दोनों के लिए बेहद अहम होगा। विपक्ष बेरोजगारी, महंगाई, कानून-व्यवस्था, बिजली संकट और किसानों की समस्याओं जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरने की रणनीति बना रहा है।
उम्मीद है कि यह सत्र झारखंड की राजनीति में कई महत्वपूर्ण फैसलों और तीखी बहसों का गवाह बनेगा।
