Friday, May 1, 2026
Homeखबर स्तम्भदिल्ली: जनसुनवाई के दौरान मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हमला, आरोपी गिरफ्तार

दिल्ली: जनसुनवाई के दौरान मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हमला, आरोपी गिरफ्तार

नई दिल्ली— दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर सोमवार सुबह जनसुनवाई के दौरान हमला हुआ। घटना सुबह करीब साढ़े आठ बजे मुख्यमंत्री आवास पर हुई, जब रेखा गुप्ता लोगों की शिकायतें सुन रही थीं।

हमले की सूचना मिलते ही सुरक्षाकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को मौके पर ही काबू कर लिया और दिल्ली पुलिस के हवाले कर दिया। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है।

दिल्ली CMO का बयान
मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) की ओर से जारी बयान में कहा गया है, “आज जनसुनवाई के दौरान एक व्यक्ति ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हमला किया। आरोपी को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।”

दिल्ली पुलिस की कार्रवाई
दिल्ली पुलिस ने पुष्टि की है कि आरोपी को गिरफ्तार कर सिविल लाइंस थाने ले जाया गया है। पुलिस का कहना है कि घटना के पीछे की वजह का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

राजनीतिक प्रतिक्रियाएँ
दिल्ली के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा, “मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता दिन-रात दिल्ली की चिंता करती हैं। यह विरोधियों की साज़िश लगती है। पुलिस जांच कर रही है, सभी तथ्य सामने आ जाएंगे।”

वहीं, दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कहा, “यह बेहद दुखद घटना है। मुख्यमंत्री पूरे प्रदेश की नेता हैं। इस घटना की जितनी निंदा की जाए, उतनी कम है। लेकिन यह महिला सुरक्षा की पोल भी खोलती है। अगर दिल्ली की मुख्यमंत्री ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम आदमी या आम महिला कैसे सुरक्षित रह सकती है?”

जनता में आक्रोश और सवाल
घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। विपक्ष और आम जनता दोनों ही यह सवाल कर रहे हैं कि मुख्यमंत्री आवास जैसी हाई-सिक्योरिटी ज़ोन में हमलावर कैसे पहुंच गया।

पुलिस ने आश्वासन दिया है कि पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और दोषियों को कड़ी सज़ा दी जाएगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular