Thursday, April 30, 2026
Homeखबर स्तम्भसाहिबगंज : कबाड़ी कारोबारियों के यहां ईडी की बड़ी कार्रवाई, कई ठिकानों...

साहिबगंज : कबाड़ी कारोबारियों के यहां ईडी की बड़ी कार्रवाई, कई ठिकानों पर छापेमारी जारी

साहिबगंज- झारखंड के साहिबगंज जिले से इस वक्त बड़ी खबर सामने आ रही है। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मंगलवार सुबह जिले में कबाड़ी कारोबारियों के ठिकानों पर छापेमारी शुरू की है। कार्रवाई सुबह करीब 7 बजे से चल रही है और देर शाम तक जारी है।

कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी

जानकारी के अनुसार, ईडी की दो सदस्यीय टीम रांची से साहिबगंज पहुंची और सीआरपीएफ के आधा दर्जन जवानों के साथ नगर थाना क्षेत्र के बंगाली टोला स्थित तिलकधारी कुआं के पास रहने वाले नवीन कुमार दास उर्फ बबलू कबाड़ी के घर पर छापेमारी की। टीम घर के अंदर दस्तावेजों की गहन जांच कर रही है।

इसके साथ ही ईडी ने स्क्रैप डीलर संतोष कुमार गुप्ता के ठिकानों पर भी छापेमारी की। संतोष गुप्ता भाजपा नगर अध्यक्ष सुबोध दास के चचेरे भाई बताए जाते हैं। उनके आवास और व्यावसायिक स्थल सहित तीन स्थानों पर एक साथ कार्रवाई की गई है।

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

छापेमारी के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी न हो, इसके लिए पुलिस और सीआरपीएफ की टीम मौके पर तैनात है। पूरे घर को घेर लिया गया है और किसी को भी अंदर-बाहर जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है।

किन मामलों से जुड़ी है कार्रवाई?

फिलहाल ईडी की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। लेकिन माना जा रहा है कि यह छापेमारी वित्तीय अनियमितताओं और मनी लॉन्ड्रिंग के मामलों से जुड़ी हो सकती है।

RELATED ARTICLES

Most Popular