शिबू सोरेन का अंतिम दर्शन करने पहुंचे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल जाकर झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद दिशोम गुरु शिबू सोरेन के अंतिम दर्शन किये | शिबू सोरेन का आज दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में निधन हो गया | उनके निधन से पूरे झारखंड में शोक की लहर दौड़ गयी है | राज्य में 3 दिन का राजकीय शोक घोषित कर दिया गया है |
राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री से लेकर देशभर के नेता उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं | राज्यसभा में उनके कार्यों को याद करते हुए सदन की कार्यवाही को स्थगित कर दिया गया | झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र में शिबू सोरेन अमर रहे के नारों से विधानसभा गूंज उठी | इसके बाद झारखंड विधानसभा की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गयी |
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे भी दिशोम गुरु शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि देने के लिए सर गंगाराम अस्पताल पहुंचे | शिबू सोरेन (81) का आज सुबह इलाज के दौरान अस्पताल में निधन हो गया |
सरायकेला के विधायक और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने दिशोम गुरु शिबू सोरेन के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उनके निधन की दुखद सूचना से शोकाकुल हूं | मरांग बुरु दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें | यह एक युग का अंत है. झारखंड आंदोलन के दौरान पहाड़ों, जंगलों एवं सुदूरवर्ती गांवों से लेकर विधानसभा तक, आपके साथ बिताये पल याद आ रहे हैं |
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास नें गुरुजी के निधन पर कहा कि यह झारखंड के लिए अपूरणीय क्षति के साथ-साथ मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है. वो मेरे लिए पिता तुल्य थे | इसलिए जब में राजयपाल के पद से इस्तीफा देकर भाजपा में लौटा, तो सबसे पहले गुरुजी और चाची रूपी सोरेन से आशीर्वाद लेने गया |
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री सह बीजेपी नेता अर्जुन मुंडा ने झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री दिशोम गुरु शिबू सोरेन के निधन पर शोक जताया है. उन्होंने कहा कि गुरुजी के निधन की खबर सुनकर मर्माहत हूं. हमारा रिश्ता केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि पारिवारिक और आत्मीय था | ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं शोकाकुल परिवार को दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें |