झारखंड की धरती एक बार फिर गौरवपूर्ण क्षण का साक्षी बनी, जब देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू देवभूमि देवघर पहुंचीं। इस अवसर पर राज्यपाल संतोष गंगवार भी उपस्थित रहे। राज्य की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने देवघर एयरपोर्ट पर राष्ट्रपति का पारंपरिक अंगवस्त्र भेंट कर आत्मीय स्वागत किया।मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने इस लम्हे को सोशल मीडिया के जरिए साझा करते हुए लिखा “देवघर एयरपोर्ट पर महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी का झारखंड सरकार की ओर से आत्मीय स्वागत करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। महामहिम राज्यपाल श्री संतोष गंगवार जी भी इस अवसर पर उपस्थित रहे। वही राष्ट्रपति महोदया का देवभूमि देवघर आगमन सम्पूर्ण झारखंड के लिए गर्व का विषय है। उनकी सादगी, संवेदनशीलता और जनकल्याण के प्रति समर्पण हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। झारखंड की पावन माटी ने आज फिर इतिहास रच दिया, जब उसकी गोद में देश की प्रथम नागरिक ने पदार्पण किया।”
बता दें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू देवघर एयरपोर्ट पहुंच चुकी हैं. एयरपोर्ट पर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पाण्डेय सिंह ने शॉल ओढ़ाकर और पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत किया. राष्ट्रपति मुख्य अतिथि के रूप में देवघर एम्स के प्रथम दीक्षांत समारोह में शिरकत करेंगी. एयरपोर्ट से राष्ट्रपति सीधा देवघर एम्स पहुंचेगी.

देवघर एम्स में 2019 बैच के एमबीबीएस छात्रों का आज 31 जुलाई को प्रथम दीक्षांत समारोह आयोजित किया गया है. इस दीक्षांत समारोह की मुख्य अतिथि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के स्वागत की सभी तैयारियां पूरी कर ली गयी है. आज दीक्षांत समारोह में एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी करने वाले कुल 48 छात्रों को मेडल व डिग्रियां दी जायेंगी. राष्ट्रपति के हाथों एक गोल्ड मेडल, एक सिल्वर मेडल, एक ब्रॉन्ज मेडल व एक बेहतर रैंक वाले छात्र को डिग्री दी जायेगी. और समारोह में राष्ट्रपति का संबोधन भी होगा.
राष्ट्रपति दोपहर 1 बजे से शाम 4 बजे तक देवघर एम्स में रहेंगी. राष्ट्रपति एम्स में ही लंच और विश्राम करेंगी. 3 बजे राष्ट्रपति एम्स परिसर स्थित कार्यक्रम स्थल ऑडिटोरियम पहुंचेंगी. राष्ट्रपति 3 से 4 बजे के बीच ऑडिटोरियम में एमबीबीएस छात्रों को दीक्षांत समारोह में मेडल देंगी. साथ ही दीक्षांत समारोह में विशिष्ट अतिथि झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार, झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी होंगे, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की सचिव निवेदिता शुक्ला वर्मा सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहेंगे.
बता दें राष्ट्रपति एम्स से वापस देवघर एयरपोर्ट पहुंचेंगी, जहां से वह रांची के लिए प्रस्थान करेंगी. और शाम करीब 5:30 बजे राष्ट्रपति बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंचेंगी. यहां सीएम हेमंत सोरेन उनका स्वागत करेंगे.
