चतरा उपायुक्त कीर्तिश्री की अध्यक्षता में स्वतंत्रता दिवस 2025 की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों को अंतिम रूप दिया गया। मुख्य समारोह सुबह 9:05 बजे जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम, चतरा में ध्वजारोहण होगा।
उपायुक्त ने कहा कि समुचित सफाई, रंग-रोगन, लाउडस्पीकर व्यवस्था, पेयजल, बैठने की उचित व्यवस्था, अग्निशमन दल की तैनाती, स्वतंत्रता सेनानियों का सम्मान, परेड की तैयारी और सुरक्षा के समुचित प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं।
समाहरणालय परिसर में सुबह 8:00 बजे, शहीद स्मारक पर सुबह 8:15 बजे,ध्वजारोहण होगा। पोस्ट ऑफिस चौक बाबा भीमराव अंबेडकर प्रतिमा पर सुबह 8:25 बजे माल्यार्पण , रेड क्रॉस भवन चतरा में सुबह 8:30 बजे ध्वजारोहण होगा।
बैठक में निर्णय लिया गया कि परेड का पूर्वाभ्यास 05 अगस्त 2025 से प्रतिदिन प्रातः 9:00 बजे से प्रारंभ किया जाएगा तथा अंतिम फुल ड्रेस पूर्वाभ्यास 12 अगस्त 2025 को प्रातः 9:00 बजे से होगा। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन बनाम पत्रकार एकादश के बीच दोपहर 1:00 बजे से अपराह्न 3:00 बजे तक फैंसी फुटबॉल मैच का आयोजन किया जाएगा। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन के संबंध में बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि स्वतंत्रता दिवस की संध्या 06:00 बजे जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट एवं प्रशिक्षण भवन हॉल चतरा में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर देशभक्ति पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु एक समिति का भी गठन किया गया, जिसमें विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों एवं कर्मियों को कार्यक्रम के समुचित आयोजन हेतु निर्देश दिए गए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार अग्रवाल, उप विकास आयुक्त अमरेंद्र कुमार सिन्हा, अपर समाहर्ता अरविंद कुमार, डीआरडीए निदेशक अलका कुमारी, अनुमंडल पदाधिकारी जहूर आलम, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सहित सभी वरीय अधिकारी उपस्थित थे।