Saturday, March 14, 2026
Homeखबर स्तम्भनामकुम ग्रिड में लूट और कर्मियों को बंधक बनाए जाने की घटना...

नामकुम ग्रिड में लूट और कर्मियों को बंधक बनाए जाने की घटना पर झारखंड ऊर्जा विकास श्रमिक संघ आक्रोशित

रांची: राजधानी रांची के समीप नामकुम ग्रिड में बीती रात हुए दिल दहला देने वाले घटनाक्रम ने राज्य के सभी विद्युतकर्मियों को गहरे आक्रोश और चिंता में डाल दिया है। हथियारबंद अपराधियों द्वारा करीब ढाई घंटे तक ग्रिड में मौजूद बिजलीकर्मियों और होमगार्ड को बंधक बनाकर 16 लाख रुपये की लूट को अंजाम देना कानून व्यवस्था और ऊर्जा विभाग की सुरक्षा प्रणाली, दोनों की गंभीर विफलता को उजागर करता है।

झारखंड ऊर्जा विकास श्रमिक संघ के केंद्रीय अध्यक्ष  अजय राय ने इस घटना को “राज्य की ऊर्जा संरचनाओं पर सीधा हमला” करार दिया है। उन्होंने कहा कि “अगर राजधानी जैसे सुरक्षित माने जाने वाले इलाके में ऐसा हो सकता है, तो सुदूर और नक्सल प्रभावित इलाकों में कार्यरत बिजलीकर्मियों की स्थिति भयावह सोचनीय है।”

श्री राय ने उठाए कई सवाल:

इतने महत्वपूर्ण ग्रिड स्टेशन में स्थायी सुरक्षा गार्ड, सीसीटीवी निगरानी, और आपातकालीन अलार्म सिस्टम क्यों नहीं है?

क्या करोड़ों की संपत्ति और कर्मियों की सुरक्षा को ऐसे ही भगवान भरोसे छोड़ा जाएगा?

श्रमिक संघ की प्रमुख मांगें:

नामकुम ग्रिड लूटकांड की उच्चस्तरीय न्यायिक या विशेष जांच कराई जाए

सभी ग्रिड/पीएसएस में स्थायी सुरक्षा बलों की तैनाती की जाए

प्रत्येक ग्रिड पर सीसीटीवी कैमरे, सायरन, और रियल-टाइम निगरानी सिस्टम अनिवार्य रूप से लगाए जाएं।

बिजलीकर्मियों को सुरक्षा प्रशिक्षण व आपातकालीन सुरक्षा उपकरण प्रदान किए जाएं

संघ ने मुख्यमंत्री सह ऊर्जा मंत्री श्री हेमंत सोरेन से मांग की है कि इस घटना को शीर्ष प्राथमिकता देते हुए पूरे राज्य में ऊर्जा केंद्रों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।

यदि सरकार द्वारा जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो संघ राज्यव्यापी विरोध प्रदर्शन, कार्य बहिष्कार और अनिश्चितकालीन आंदोलन की राह पर जाने को बाध्य होगा।

केंद्रीय अध्यक्ष श्री अजय राय ने कहा:

“बिजली कर्मी दिन-रात राज्य को रोशन रखने के लिए जोखिम उठाते हैं, लेकिन यदि सरकार उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी नहीं ले सकती, तो यह अत्यंत निंदनीय है। अब चुप बैठना संभव नहीं है।”

झारखंड ऊर्जा विकास श्रमिक संघ की ओर से इस संदर्भ में एक ज्ञापन मुख्यमंत्री कार्यालय एवं सीएमडी को ईमेल के माध्यम से प्रेषित किया गया है।

RELATED ARTICLES

Most Popular