अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर की गई एक टिप्पणी एबीसी न्यूज चैनल को भारी पड़ गई है। एबीसी न्यूज चैनल को अब मानहानि के मामले में डोनाल्ड ट्रंप को 15 मिलियन डॉलर यानी करीब 127.5 करोड़ रुपये चुकाने होंगे।यह मामला उस वक्त सामने आया, जब चैनल के न्यूज एंकर जॉर्ज स्टीफनपोलस ने 10 मार्च को ‘द वीक’ कार्यक्रम के दौरान दावा किया था कि डोनाल्ड ट्रंप को लेखिका ई जीन कैरोल के रेप मामले में दोषी पाया गया था। इस पर ट्रंप ने चैनल के खिलाफ मानहानि का मामला दायर किया।
एबीसी न्यूज ने बाद में अपने एडिटर्स नोट में कहा कि चैनल ने इस मामले में डोनाल्ड ट्रंप से सुलह की है और इस शेटलमेंट के तौर पर 15 मिलियन डॉलर की राशि चुकाएगा। चैनल ने एंकर की गलती पर खेद जताया और कहा कि यह राशि ट्रंप के लिए एक लाइब्रेरी बनाने के लिए दी जाएगी, जो गैरलाभकारी होगी।इसके अलावा, मीडिया नेटवर्क को ट्रंप के अटॉर्नी अलेजांद्रो ब्रिटो के लॉ फर्म को 1 मिलियन डॉलर की अतिरिक्त राशि भी चुकानी पड़ेगी। शुक्रवार को फ्लोरिडा के एक फेडरल जज ने इस सुलह पर आदेश सुनाया, जिसके अनुसार एबीसी न्यूज को 10 दिनों के अंदर यह रकम चुकानी होगी।यह सुलह डोनाल्ड ट्रंप की लीगल फीस के भुगतान को भी शामिल करती है। गौरतलब है कि 20 जनवरी को डोनाल्ड ट्रंप दूसरी बार अमेरिका के राष्ट्रपति पद की शपथ ले सकते हैं।
