Saturday, April 11, 2026
Homeखबर स्तम्भघोषणा पत्र में किए वादों के मुताबिक काम करेगी राज्य मंत्रिपरिषद: झामुमो

घोषणा पत्र में किए वादों के मुताबिक काम करेगी राज्य मंत्रिपरिषद: झामुमो

रांची : झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के राष्ट्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि इस चुनाव में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने एक नये आयाम की स्थापना की है, जो कि राज्य के विकास को पहले से अधिक गति देगा। उन्होंने कहा कि मंत्रिमंडल के गठन के बाद उन्होंने अपने सहयोगियों को पहले ही दिन आगाह कर दिया कि जनहित में उनका मंत्रिमंडल में रहना कितना जरूरी है।

भट्टाचार्य हरमू स्थित पार्टी कार्यालय में शनिवार को संवाददाता सम्मेलन में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि हमने सरकार आपके द्वार जो कार्यक्रम शुरू किया, जिसके तहत बीडीओ-सीओ से लेकर अन्य पदाधिकारी गांव-गांव में शिविर लगाते हैं। उन्होंने कहा कि अब मंत्रियों को भी ये कहा गया है कि वे अपने-अपने विभाग की समीक्षा जिला स्तर पर जाकर करेंगे। साथ ही कहा कि नौ तारीख से संवैधानिक तौर पर भी विधानसभा का गठन हो जायेगा और ये मंत्रिपरिषद हमारे घोषणा पत्र में किये गये वादों के तहत काम करेगी। उन्होंने कहा कि मंईयां सम्मान योजना के तहत सरकार की ओर से किये गये कमिटमेंट को पूरा किया जायेगा।

भट्टाचार्य ने कहा कि योजनाओं से प्रभावित होने वाली जनता से सीधा संवाद करें और जिनको कठिनाई हो रही हो उनको सुनें। उन्होंने कहा कि केवल विधायक ही नहीं, जो भी उस इलाके का जनप्रतिनिधि हैं, चाहे वो वार्ड का सदस्य ही क्यों न हो, उनके साथ भी एक संवाद कायम करें। इसमें दलगत भावना न हो। हमारी प्राथमिकता ईमानदारी से लोगों की सेवा करने की होनी चाहिये। क्योंकि, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को एक नई लकीर खींचने के लिए जनता ने जवाबदेही दी है। इस जवाबदेही को पूरा करना पूरी मंत्रिपरिषद की जिम्मेदारी है।

भट्टाचार्य ने कहा कि ये मंत्रिपरिषद शायद पहली ऐसी मंत्रिपरिषद है, जिसमें ओबीसी को सबसे ज्यादा प्रतिनिधित्व दिया गया है। उन्होंने कहा कि इस वर्ग से सात मंत्री बनाये गये हैं। इसके बाद जनजातीय समूह से मंत्री हैं। उनको भी क्षेत्रवार प्रतिनिधित्व मिला है। उन्होंने कहा कि ये एक समग्र मंत्रिमंडल है।

RELATED ARTICLES

Most Popular