रांची : मुख्यमंत्री और झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन के बुलावे पर पार्टी के विशुनपुर विधायक चमरा लिंडा शुक्रवार को मुख्यमंत्री निवास पहुंचे। वहां दोनों के बीच लंबी बातचीत के बाद चमरा लिंडा की नाराजगी और शिकायतें दूर हो गयी। अब चमरा लिंडा ही विशुनपुर से झामुमो के टिकट पर चुनाव लड़ेंगे।
जानकारी के अनुसार, बहुत जल्द ही चमरा लिंडा को पार्टी निलंबन मुक्त कर सकती है। लोकसभा चुनाव में गठबंधन प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव लड़ने के कारण उन्हें छह वर्ष के लिए पार्टी से निलंबित कर दिया गया था। बैठक में स्वास्थ्य कारणों से चमरा लिंडा ने पत्नी को चुनाव लड़ाने की बात मुख्यमंत्री के समक्ष रखी लेकिन मुख्यमंत्री ने यह कहकर मना कर दिया कि उनके लिए बहुत अधिक ताकत लगानी होगी। इसलिए आप ही लड़िए चुनाव। पार्टी और आपको दोनों को सहूलियत होगी।
